आगे की पीढ़ी को शुद्ध वातावरण के लिए पौधरोपण जरूरी : डाॅ. अजीत नारायण मिश्र

11HREG36 आगे की पीढ़ी को शुद्ध वातावरण के लिए पौधरोपण जरूरी : डाॅ. अजीत नारायण मिश्र

देवरिया, 11 जुलाई ( हि . स . )। आरोग्य भारती की ओर से पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया और सदर खंड के ग्राम सिगही देवरिया में पौधरोपण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरोग्य भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष डाॅ. अजीत नारायण मिश्र ने कहा कि स्वस्थ जीवन के दृष्टिकोण से पर्यावरण मानव की सर्वोच्च जरूरत है। हमारा उद्देश्य पौधरोपण के साथ-साथ रोपित पौधों का संरक्षण भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रत्येक वर्षाकाल में कम से कम 10 पौधे लगाने का संकल्प लेना चाहिए। ताकि आने वाली पीढ़ी को एक शुद्ध वातावरण मिल सके।

प्रांतीय उपाध्यक्ष डाॅ. अजीत नारायण मिश्र ने कहा कि पृथ्वी पर जीवन के लिए पौधों का होना बहुत जरूरी है। पेड़ पौधे से मिलने वाली आक्सीजन की वजह से हम लोग की सांसें चलती हैं। आगामी वर्षों में वातावरण के तापमान बढ़ने से उत्पन्न खतरों के प्रति हमें अभी से सचेत होना होगा। ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक समस्या से निदान का एक मात्र उपाय पौधरोपण ही है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. मिश्र ने आम, नीम, पीपल, बरगद, श्री फल आदि पौधों का रोपण कर पर्यावरण को संरक्षित करने का आह्वान किया।

उक्त अवसर पर आशुतोष दुबे, रुद्रांश कुमार, सूर्यांश कुमार, तन्मय दुबे, पंकज चतुर्वेदी, अंजलि, डॉ अनिल कुमार मणि उपस्थित रहे।