कृष्णापुर वार्ड का एकमात्र बचा मार्ग भी भूस्खलन से ध्वस्त

09HREG213 कृष्णापुर वार्ड का एकमात्र बचा मार्ग भी भूस्खलन से ध्वस्त

नैनीताल, 09 जुलाई (हि.स.)। नगर के कृष्णापुर वार्ड को नैनीताल नगर से जोड़ने वाला मार्ग वर्ष 2017 में बलियानाला में हुए भूस्खलन से बंद हो गया था जबकि वीरभट्टी की ओर से नगर को करीब 25 किलोमीटर के लंबे चक्कर से जोड़ने वाले मार्ग पर भी वर्ष 2021 में सरस्वती विहार से पहले नाले के पास भूस्खलन से बंद है।

नगर पालिका के पूर्व सभासद व क्षेत्रीय निवासी डीएन भट्ट ने बताया कि इधर बरसात के बावजूद इस मार्ग पर जेसीबी की मदद से ऊपर और नीचे दोनों ओर से इस मार्ग को खोद दिया गया था, जिस कारण यह मार्ग भूस्खलन से पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। इस पर अब वाहनों का आवागमन संभव नहीं रह गया है। इस प्रकार करीब 10 हजार की आबादी वाला यह पूरा क्षेत्र दोनों ओर से बाहरी दुनिया से कट गया है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह दोनों ओर से जेसीबी से मार्ग की कटाई की गई है, ऐसे में इस बरसात में इस मार्ग पर भूस्खलन रुकना भी संभव नहीं लग रहा है। ऐसे में यदि क्षेत्रीय लोगों में से कोई बीमार होता है तो उसे अस्पताल भी नहीं ले जाया जा सकेगा।