शिव साजन की बनीं 13 सजनिया, हुआ सम्मान समारोह

09HREG273 शिव साजन की बनीं 13 सजनिया, हुआ सम्मान समारोह

-ब्रह्माकुमारी प्रेमलता बहन के नाम पर आर्ट गैलरी

हरिद्वार, 09 जुलाई (हि.स.)। ब्रह्माकुमारीज सब जोन देहरादून के विभिन्न केंद्रों से 13 कन्याओं ने स्वयं को जीवनभर के लिए ईश्वरीय सेवा के प्रति समर्पित होकर परमात्मा शिव को ही अपना साजन चुन लिया। इस अवसर पर हुए भव्य सम्मान समारोह में इन सभी 13 कन्याओं का अभिनन्दन किया गया।

राजयोगिनी प्रेमलता बहन की याद में सुभाष नगर सेवा केंद्र पर बनाई गई आर्ट गैलरी का शुभारंभ स्वामी राम मेडिकल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ विजय धस्माना समेत हरिद्वार के कई साधु संतों ने किया। दिल्ली से पधारीं ब्रह्माकुमारीज महिला विंग चेयरपर्सन बीके चक्रधारी ने राजयोगिनी बीके प्रेम लता बहन की छठी पुण्यतिथि पर उनके मर्यादित जीवन को प्रेरणाप्रद बताया। राजयोगी ब्रह्माकुमार सुशील भाई के संचालन में ब्रह्माकुमारीज हरिद्वार केंद्र इंचार्ज बीके मीना ने प्रेमलता बहन के साथ बिताए 40 वर्षों को याद करते हुए उन्हें मर्यादा व आदर्श की मिसाल बताया।

स्वामी राम मेडिकल विश्व विद्यालय जौलीग्रांट के कुलपति डॉ. विजय धस्माना ने आत्मा व परमात्मा को रेखांकित करते हुए राजयोगिनी प्रेमलता बहन के मर्यादित जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर गरीबदासीय पीठाधीश्वर संत रविदेव शास्त्री ने प्रेमलता बहन को संतों की आदर्श बताया व उनके द्वारा की गई ईश्वरीय सेवाओं को याद किया।

महामंडलेश्वर करणपाल विधि महाराज ने ब्रह्माकुमारीज संस्था को देश व समाज के लिए प्रेरक बताया जो दुनिया को चरित्र निर्माण का संदेश दे रही है।

इस अवसर पर बीके मंजू,बीके मीना,बीके तारा,बीके गीता,बीके सोनिया, बीके शीलू ,श्रीगोपाल नारसन आदि मौजूद रहे।