साहित्यकार दामोदर जोशी ‘देवांशु’ को मिला सम्मान

01HREG362 साहित्यकार दामोदर जोशी ‘देवांशु’ को मिला सम्मान

नैनीताल, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड भाषा संस्थान की ओर से इस वर्ष साहित्य के क्षेत्र में सर्वोच्च ‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’ देने की शुरुआत की गई है। इस वर्ष यह सम्मान कुछ अन्य साहित्यकारों के साथ नैनीताल जनपद के वरिष्ठ साहित्यकार दामोदर जोशी ‘देवांशु’ को दिया गया है। राजधानी देहरादून में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान के रूप में प्रतीक चिन्ह, प्रमाण पत्र व शॉल आदि के साथ एक लाख रुपये प्रदान किया गया है।

‘उत्तराखंड भाषा संस्थान’ की निदेशक आईएएस अधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि नैनीताल जनपद के पश्चिमी खेड़ा गौलापार हल्द्वानी निवासी दामोदर जोशी ‘देवांशु’ को उनके द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘कुमगढ़’ के लिए चयन समिति की अनुशंसा पर ‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’ योजना के अंतर्गत भैरव दत्त धूलिया पुरस्कार से अलंकृत किया गया है।

उल्लेखनीय है कि देवांशु को इससे पूर्व भी उत्तराखंड सरकार के द्वारा वर्ष 2011 में पीतांबर दत्त बड़थ्वाल भाषा सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।

दामोदर जोशी ‘देवांशु’ वर्ष 2014 से ‘कुमगढ़’ पत्रिका के माध्यम से प्रदेश की सभी लोकभाषाओं को एक मंच पर लाने का कार्य कर रहे हैं। ‘कुमगढ़’ प्रदेश की सभी लोकभाषाओं को एक मंच पर लाने वाली एकमात्र पत्रिका के रूप में भी प्रतिष्ठित है। इसके अतिरिक्त उनकी एक दर्जन से अधिक कुमाउनी भाषा में पुस्तकें व अनुवाद प्रकाशित हो चुके हैं।