01HREG386 कांग्रेस भ्रम फैलाने के बजाय यूसीसी पर अपना मत स्पष्ट करे: महेन्द्र भट्ट
देहरादून, 01 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा है कि यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर कांग्रेस के पास भ्रम फैलाने के अलावा सदन में ड्राफ्ट आने पर सुझाव देने का अभी भी मौका है। भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रम फैलाने के बजाय उन्हें अपना मत स्पष्ट करना चाहिए कि वे यूसीसी के पक्ष में 1.25 करोड़ उत्तराखंड वासियों की भावनाओं के साथ खड़े हैं या नहीं। उन्होंने ड्राफ्ट आने पर शीघ्र ही मानसून सत्र में पेश करने की उम्मीद जताई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अमूमन देखा गया है कि प्रत्येक विषय पर या तो कांग्रेस दुविधा में रहती है या जनता को दुविधा में रखने का प्रयास करती है। जिसका ताजातरीन उदाहरण है यूनिफॉर्म सिविल कोड और स्टिंग प्रकरण में सीबीआई जांच।
महेन्द्र भट्ट ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की चिंताओं पर जवाब देते हुए कहा कि आज हरीश रावत जी अनुसूचित जाति जनजाति, विभिन्न धर्मस्थलों एवं सामाजिक वर्गों को इस प्रक्रिया में नजरंदाज करने की बात कर रहे हैं और शायद उन्हें जानकारी नहीं है कि ड्राफ्ट कमेटी विगत एक वर्ष से अनेकों मर्तबा इन तमाम पक्षों के साथ बैठकर सुझाव ले चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माहरा के जबरन कानून थोपने के आरोप पर पलटवार कर कहा कि ड्राफ्ट कमेटी के आमंत्रण पर तो सभी धर्म के प्रतिनिधियों ने अपनी राय बैठक में रखी है और किसी धर्म विशेष के लोगों को भी इसको लेकर अधिक आपत्ति भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि अभी तो समिति द्वारा तैयार ड्राफ्ट सरकार के पास आएगा जिसे विधानसभा में पेश किया जाएगा। यह विषय हमारे कोर एजेंडे का हिस्सा रहा है और विधानसभा चुनावों में जनता से किया हुआ वादा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जैसे ही सरकार के पास ड्राफ्ट आएगा, उसे शीघ्र मानसून सत्र में लाकर पेश कर पास करवाया जाएगा।
महेन्द्र भट्ट ने स्टिंग प्रकरण को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि इन्होंने ही सीबीआई जांच की मांग की थी और अब इन्हीं को आपत्ति है और यही लोग अंकिता प्रकरण में सीबीआई जांच पर अड़े थे। अब सीबीआई में खोट नजर आ रहा है। आज प्रत्येक विषय पर कांग्रेस को अपना स्टैंड क्लियर करने की आवश्यकता है।