01HREG81 दृढ़ इच्छाशक्ति से सब कुछ किया जा सकता है प्राप्तः विज्ञानानंद महाराज
हरिद्वार, 01 जुलाई (हि.स.)। श्रीगीता विज्ञान आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि सत्य, स्नेह ही व्यक्ति को सच्चा जीवन साथी प्रदान करता है। व्यक्ति यदि किसी चीज को प्राप्त करने की इच्छाशक्ति दृढ़ कर ले तो वह उसे अवश्य प्राप्त होती है। स्वामी विज्ञानानंद शनिवार को राजा गार्डन स्थित श्री हनुमान मंदिर सत्संग हॉल में श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह की कथा का परमानंद प्रदान कर रहे थे।
स्वामी ने कहा कि माता रुक्मणी लक्ष्मी की अवतार थीं तो उनका विवाह तो भगवान श्रीकृष्ण के साथ होना ही था, लेकिन रुक्मणी का भाई अपनी बहन का विवाह शिशुपाल के साथ करना चाहता था। रुक्मणी की इच्छा के अनुकूल भगवान ने उनकी मनोकामना पूर्ण की।
भगवान के विवाह उत्सव का वृतांत सुनाते हुए ज्ञानवृद्ध शतायु संत ने कहा कि भगवान के विवाहोत्सव में सम्मिलित होने वाले भक्तों के परिवार में समयानुकूल शहनाइयां बजती रहती हैं। गौशाला को परिवार का सर्वाधिक पवित्र स्थान बताते हुए उन्होंने कहा कि भगवान का नामकरण ऋषि गर्गाचार्य ने नंदबाबा की गौशाला में कराया था। भगवान के विवाह उत्सव के उपलक्ष्य में दिव्य महारास लीला का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ट्रस्टी एवं भक्तों ने वर-कन्या पक्ष की भूमिका का निर्वाह करते हुए विवाहोत्सव को भव्यता प्रदान की।
योग, अध्यात्म एवं वेदांत के विद्वान आचार्य हरिओम ने संपूर्ण भागवत का सार समझाते हुए उन दिव्य एवं दर्शनीय संतों के आशीर्वचनों को मानवता के लिए उपयोगी बताया, जिन्होंने स्वयं कथा स्थल पर पधार कर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि 3 जुलाई को व्यास पूजा महोत्सव पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।