पाकिस्तानी अखबारों सेः यूनान नाव दुर्घटना को प्रमुखता, राष्ट्रव्यापी शोक का ऐलान

19HINT15 पाकिस्तानी अखबारों सेः यूनान नाव दुर्घटना को प्रमुखता, राष्ट्रव्यापी शोक का ऐलान

– पीएमएल नवाज और पीपीपी के बीच तनाव कम करने की कोशिशों को भी महत्व

नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से सोमवार को प्रकाशित ज्यादातर अखबारों में यूनान नाव दुर्घटना से संबंधित खबरें छाई हुई हैं। इसमें मरने वाले पाकिस्तानियों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए आज राष्ट्रव्यापी शोक दिवस मनाए जाने की घोषणा की गई है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मानव तस्करी में लिप्त तत्वों के खिलाफ क्रैकडाउन की घोषणा की है। घटना की जांच के लिए 4 सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों और कंपनियों को कड़ी सजा देने के लिए कानून अपना काम करेगा। घटना के प्रमुख आरोपित समेत 14 लोगों की पहचान कर ली गई है। इसमें जिला गुजरात के 50 से अधिक युवक लापता बताए जा रहे हैं।

इसके अलावा अखबारों ने आदम खेल में पुलिस चौकी पर हमले को भी तरजीह दी है। इस ऑपरेशन में मोस्ट वांटेड आतंकवादी जफरी मारा गया है। उसके दो अन्य साथी हसन और अनस भी मारे गए हैं। वहीं, कुछेक समाचार पत्रों ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के बीच तनाव दूर करने की कोशिशें तेज होने की खबरों को अपने लीड समाचार के तौर पर प्रकाशित किया है।

अमेरिकी विदेश मंत्री टोनी ब्लिंकन के बीजिंग में अपने समकक्ष चीनी विदेश मंत्री से मुलाकात किए जाने की खबरें भी महत्व के साथ प्रकाशित की गई हैं।

खेल जगत की खबरों में पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद का वह बयान भी सुर्खियों में रहा जिसमें उन्होंने कहा है कि जब तक प्रधानमंत्री मोदी हैं, कुछ अच्छा नहीं हो सकता। पाकिस्तान को वर्ल्डकप के लिए भारत नहीं जाना चाहिए।

सरहद इस पार की खबरों में हुर्रियत कॉन्फ्रेंस का एक बयान छापा है जिसमें कहा गया है कि जेलों में बंद कश्मीरी नेता मोदी सरकार के राजनीतिक इंतकाम का सबसे ज्यादा शिकार हैं। इसके साथ ही भारत में भीषण गर्मी पड़ने की खबरें भी हैं। अखबारों ने लिखा है कि इससे 100 से अधिक लोग मारे गए हैं और 400 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।

वहीं, भारत में एक लड़की के 172 घंटे तक लगातार डांस कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराए जाने की खबर भी है। यह सभी खबरें रोजनामा पाकिस्तान, रोजनामा नवाएवक्त, रोजनामा खबरें, रोजनामा दुनिया, रोजनामा एक्सप्रेस, रोजनामा जंग और रोजनामा औसाफ आदि ने अपने पहले पन्ने पर प्रकाशित की हैं।

रोजनामा नवाएवक्त ने कश्मीर मामले को लेकर नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गोलमेज कांफ्रेंस से जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती समेत कई कश्मीरी नेताओं के अनुपस्थित रहने की खबर दी है। इस कॉन्फ्रेंस में जम्मू कश्मीर की पूर्ण राज्य की बहाली, तत्काल चुनाव कराने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई है।