तीरंदाजी विश्व कप 2023 चरण 3 : भारतीय रिकर्व पुरुष टीम ने जीता कांस्य पदक

16HSPO11 तीरंदाजी विश्व कप 2023 चरण 3 : भारतीय रिकर्व पुरुष टीम ने जीता कांस्य पदक

मेडेलिन, 16 जून (हि.स.)। भारतीय रिकर्व पुरुष टीम ने गुरुवार को यहां चल रहे तीरंदाजी विश्व कप 2023 चरण 3 में कांस्य पदक जीता।

चौथी वरीयता प्राप्त धीरज बोम्मदेवरा, मृणाल चौहान और तुषार शेल्के की भारतीय टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में चीन को 5-3 से हराया। सेमीफाइनल में भारत को दक्षिण कोरिया ने 5-1 से हराया था। भारतीय टीम ने दूसरे दौर में कनाडा को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था, जबकि इससे पहले भारत ने क्वार्टर फाइनल में कोलंबिया को मात दी थी।

इस बीच, रिकर्व महिला टीम स्पर्धा में भजन कौर, संगीता और तनीषा वर्मा की भारतीय तिकड़ी दूसरे दौर में फ्रांस से 5-3 से हार गई।

इससे पहले भारतीय रिकर्व टीम ने बुधवार को दो कांस्य पदक जीते थे। कंपाउंड पुरुष टीम प्रतियोगिता में ओजस प्रवीण देवताले, प्रथमेश जावकर और अभिषेक वर्मा की भारतीय टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं, कंपाउंड महिला टीम प्रतियोगिता में परनीत कौर, अदिति गोपीचंद स्वामी और ज्योति सुरेखा वेन्नम की भारतीय टीम भी तीसरे स्थान पर रही।