मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने फिल्म आदिपुरुष देखी

16HREG57 मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने फिल्म आदिपुरुष देखी

ऋषिकेश, 16 जून (हि.स.)। रामायण पर आधारित फिल्म आदिपुरुष आज सिनेमा घरों में रिलीज हो गई है। देशभर में फिल्म को लेकर सिनेमा प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है। ऋषिकेश में नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महामंत्री व भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रतीक कालिया ने फिल्म आदिपुरुष दिखाई है। जिसके पहले शो का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर सिनेमा हॉल में एक सीट भगवान हनुमान जी के लिए आरक्षित रखी गयी।

शुभारंभ अवसर पर डॉ अग्रवाल ने कहा कि भगवान राम हमारे मन-मस्तिष्क में बसे हुए हैं। गरीब हो या अमीर सबके मुख राम का नाम ही पहले आता है। उन्होंने कहा कि भौतिकता की होड़ में मानव जीवन में सारी तरह की सुविधाएं तो हासिल हो गयी हैं पर हम अपने को सही अर्थों में सुखी नहीं पा रहे हैं। जीवन में हताशा और निराशा व्याप्त है। श्रीराम जी के जीवन पर बनी फिल्म देखकर हमें सुख और शांति मिलती है।

डॉ अग्रवाल ने कहा कि श्री रामचंद्र जी की सभी चेष्टाएं धर्म, ज्ञान, नीति, शिक्षा, गुण, प्रभाव, तत्व एवं रहस्य से भरी हुई हैं। उनका व्यवहार देवता, ऋषि, मुनि, मनुष्य, पक्षी, पशु आदि सभी के साथ ही प्रशंसनीय, अलौकिक और अतुलनीय है। उसे स्मरण करने से ही रोमांच हो आता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम की कोई भी चेष्टा ऐसी नहीं जो कल्याणकारी न हो।

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री व कार्यक्रम आयोजक प्रतीक कालिया ने कहा कि हिंदू संस्कृति के अनुसार भाइयों के साथ प्रेमपूर्ण व्यवहार होना चाहिए। इसकी शिक्षा हमें रामायण में श्रीराम, श्रीलक्ष्मण, श्रीभरत एवं श्रीशत्रुघन के चरित्रों से स्थान-स्थान पर मिलती है।