देहरादून में होने वाली मुस्लिम समुदाय की महापंचायत स्थगित

16HREG60 देहरादून में होने वाली मुस्लिम समुदाय की महापंचायत स्थगित

देहरादून, 16 जून (हि.स.)। आखिरकार मुस्लिम समाज के लोग मान गए हैं और पुरोला में होने वाली हिन्दू महापंचायत के स्थगन के बाद देहरादून में होने वाली मुस्लिम समाज की महापंचायत भी स्थगित हो गई है। इस संदर्भ में देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डीएस कुंवर ने मीडिया को जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी के पुरोला की घटना के बाद दून में महापंचायत करने पर अड़े मुस्लिम समुदाय ने मुख्यमंत्री से मिलने के बाद देर रात महापंचायत को स्थगित कर दिया। आयोजकों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें पुरोला जैसी घटना दोबारा न होने और सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने वालों से सख्ती से निपटने का आश्वासन दिया है।

पुरोला की घटना के बाद मुस्लिम समुदाय ने दून में 18 जून को महापंचायत का ऐलान किया था। मुस्लिम समुदाय के ऐलान के बाद प्रदेश में तनाव का माहौल बन गया था। पूरी सरकारी मशीनरी मामले को लेकर सतर्क हो गई थी। पुलिस प्रशासन लगातार मुस्लिम समुदाय से वार्ता कर रहा था, लेकिन वह महापंचायत पर अड़े हुए थे लेकिन गुरुवार को इस मामले में मुख्यमंत्री से मिलने के बाद शुक्रवार को महापंचायत को स्थगित करने की घोषणा कर दी है।