संगीत चिकित्सा पर गोष्ठी का आयोजन

16HREG73 संगीत चिकित्सा पर गोष्ठी का आयोजन

हरिद्वार, 16 जून (हि.स.)। नशे व डिप्रेशन को जड़ से समाप्त करने के लिए संगीत चिकित्सा पर एक गोष्ठी हरिद्वार स्थित पावन धाम आश्रम में आयोजित की गई। गोष्ठी में प्रदेश व देश के अनेक स्थानों से आए विशेषज्ञ व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे। गोष्ठी में तय किया गया कि 10 अक्टूबर को हरिद्वार में कैम्प का आयोजन कर संगीत चिकित्सा की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उत्तराखंड को नशे व तनाव से मुक्त करने का अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया गया।

गोष्ठी में मुख्य अतिथि भाजपा नेता राष्ट्रीय व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि संगीत भारत की आत्मा है और दुनिया के हर दुख को दूर करने की ताकत केवल संगीत रखता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में नशे व तनाव को समाप्त करने का अभियान चलाया जाएगा। चौधरी ने कहा कि आज हर व्यक्ति किसी ना किसी प्रकार के तनाव में है और युवा पीढ़ी नशे में जकड़ती जा रही है। नशे ने कई घर तक उजाड़ दिए हैं और कुछ लोग लाखों रुपये खर्च करके भी इससे बाहर नहीं निकल पाते हैं। संगीत चिकित्सा के माध्यम से निःशुल्क रूप से इस प्रकार के तनाव से मुक्त हुआ जा सकता है। चौधरी ने कहा कि वेदों में भी संगीत का अपना अलग स्थान बताया गया है।