कारसेवकपुरम में मुख्यमंत्री ने किया जलपान, चंपतराय से की मुलाकात

15HREG19 कारसेवकपुरम में मुख्यमंत्री ने किया जलपान, चंपतराय से की मुलाकात

– बड़ा भक्त माल भी गए मुख्यमंत्री, महन्त कौशल किशोर दास से की मुलाकात

अयोध्या, 15 जून(हि. स.)। अयोध्या दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामनगरी के संतों से मिले और उनका हालचाल जाना। प्रातः काल मुख्यमंत्री योगी सबसे पहले कारसेवकपुरम के भरत कुटी में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से मिलने पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी हासिल की, फिर राम मंदिर निर्माण को लेकर चर्चा की।

उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र, विहिप के वरिष्ठ प्रचारक पुरुषोत्तम नारायण सिंह आदि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सुग्रीव किला महन्त विश्वश प्रपन्नाचार्य सहित उपस्थित संतों के संग जलपान भी किया।

मुख्यमंत्री बड़ा भक्तमाल भी पहुंचे। यहां उन्होंने मंहत कौशल किशोरदास महाराज से मुलाकात कर उन्हें अंग वस्त्र के साथ फल भेंट किया और उनका हालचाल जाना। यहां मुख्यमंत्री को उत्तराधिकारी महन्त अवधेश दास ने उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया । इस दौरान महंत अवधेश दास, नागा राम लखनदास आदि प्रमुख संत और मन्दिर से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।

गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ मणिराम दास जी की छावनी में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के पास पहुंचे और उन्हें अंग वस्त्र के साथ फल भेंट किया। मुख्यमंत्री इस वर्ष उनके 85 वें जन्मोत्सव में नहीं आये थे। यहां उन्होंने महंत के स्वास्थ्य के बारे में और राम मंदिर के विषय में चर्चा की।