14HREG381 विशेष स्वच्छता अभियान 18 जून को
-संचालन के लिए 19 टीमों का गठन
हरिद्वार,14 जून (हि.स.)। उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के निर्देश पर चलाये जा रहे स्वच्छता सप्ताह का समापन 18 जून को होगा। इस दिन चलने वाले विशेष स्वच्छता अभियान के लिए जनपद में 19 विशेष टीमों का गठन किया गया है। यह जानकारी अपर जिला न्यायाधीश मुकेश आर्य ने पत्रकारों को दी।
बुधवार सायं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एडीजे मुकेश आर्य ने बताया कि स्वच्छता का यह अभियान उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय, नैनीताल के निर्देश के क्रम में 12 जून से प्रारम्भ किया गया है, और जनपद न्यायाधीश सिकन्द कुमार त्यागी के नेतृत्व में प्रतिदिन अलग-क्षेत्रों में जारी रहेगा।
18 जून को पूरे जनपद में जिला प्रशासन के साथ मिलकर प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक स्वच्छता का विशेष अभियान चलाया जायेगा, जिसके लिये पूरे जनपद में स्थान चिह्नित कर लिये गये हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 18 जून के स्वच्छता अभियान के कुशल संचालन के लिये जिला प्रशासन, पुलिस तथा नगर आयुक्त की टीमों के अलावा हरिद्वार में 10 टीमें, रुड़की में 06 टीमें और लक्सर के लिये 03 विशेष टीमें गठित की गयी हैं। उन्होंने आम जन मानस से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री संगीता आर्य व सीनियर सिविल जज और सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण अभय सिंह उपस्थित थे।