13HCRI34 अशोकनगर: चुनावों के मद्देनजर पुलिस में फेरबदल की तैयारी
अशोकनगर,13 जून(हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जिले में पुलिस तैयारियां शुरू हो गईं हैं, जिसको लेकर जिले में बड़े फेरबदल की आहट दिखाई दे रही है, जल्द ही चुनावी सेल गठित होने के साथ तीन साल से अधिक समय से जमे निरीक्षकों की बदली होने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
पुलिस कप्तान अमन सिंह राठोड़ ने मंगलवार को हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि आगामी चुनावों को देखते हुए जिले में चुनाव सेल गठित किया जाएगा। इसी के साथ जिले में तीन साल से अधिक समय से पदस्थ निरीक्षकों की बदली की जाएगी। साथ ही पुलिस कप्तान ने बताया कि निरीक्षकों की बदली के अलावा भी उपनिरीक्षकों की पदोन्नति सूचि आने का इंतजार है तत्पश्चात फेर बदल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शस्त्रों की धरपकड़, स्थाई वारंटियों की धरपकड़ किए जाने और अवैध शराब के ठिकाने पर दबिश देने के साथ कानून व्यवस्था कायम रहे इसके लिए सभी प्रयास रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि शहर में पुलिस बीट प्रभारियों के मोबाइल नंबर प्रमुख स्थानों पर लिखे जाएंगे ताकि किसी प्रकार की वारदात होने पर नागरिकगण बीट प्रभारी को तत्काल सूचित कर सकें।