12HREG140 वर्तमान परिवेश में निष्पक्ष पत्रकारिता काफी चुनौती पूर्ण
महोबा , 12 जून (हि. स.)। जिला मुख्यालय अन्तर्गत कस्बा जैतपुर के डाक बंगला में यूपी जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (उपजा) की बैठक संपन्न हुई जिसकी अध्यक्षता उपजा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेन्द्र मिश्रा द्वारा की गई। बैठक में पत्रकारों की समस्याओं एवं पत्रकार हित विषय पर चर्चा करते हुए विचार व्यक्त किए गए।
यू.पी. जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन की जनपद इकाई की बैठक रविवार को जैतपुर में संपन्न हुई। बैठक में वक्ताओं ने संगठन को सशक्त बनाने पर बल दिया। कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों के संरक्षण, सवंर्धन के लिए सदैव तत्पर है। बैठक में तहसील और ब्लाॅक इकाइयों के गठन और सशक्तीकरण पर जोर दिया गया।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेन्द्र मिश्रा ने कहा कि वर्तमान परिवेश में निष्पक्ष पत्रकारिता काफी चुनौती पूर्ण कार्य है। फिर भी लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ मीडिया की भूमिका काफी अहम है। पत्रकारिता शासन, सरकार और जनसामान्य के बीच मजबूत सेतु है। उपजा के जिलाध्यक्ष महेंद्र द्विवेदी ने कहा कि हर पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाने का कार्य निष्पक्ष पत्रकारिता का दायित्व है। शासन अथवा प्रशासन के आक्रोश की चिंता न कर पत्रकार खबरों का संकलन और प्रकाशन करता है। इस कार्य में उसे अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान परिवेश में यह चुनौती और भी गंभीर हो गई है। ऐसे में उपजा पत्रकारों के हितों के संरक्षण के लिए सदैव दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि सच्चे पत्रकार को सत्य परक एवं निष्पक्ष खबरें प्रकाशित करना चाहिए।
इस मौके पर प्रेस क्लब अध्यक्ष संजय मिश्रा ने पत्रकारों का आह्वान किया कि वे खबरों के संकलन, प्रकाशन में तथ्यों, साक्ष्यों का परीक्षण, अनुशीलन और पूरी तरह जांच पड़ताल के बाद खबरों का चयन करें। चुनौतियों से बिलकुल न घबराएं, न ही चिंता करें, हमेशा सच का अनुसरण करें। वरिष्ठ पत्रकार उपजा के संरक्षक आनंद द्विवेदी ने कहा कि संगठन पत्रकार साथियों के हितों की रक्षा करने और उनके समक्ष आने वाली किसी भी प्रकार की समस्याओं के निराकरण और निरंतर सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को परिचय पत्र जारी किया गया है कि वे संगठन को सशक्त बनाने के लिए अपनी ऊर्जा का भरपूर प्रयोग करें और संगठन को शीर्ष तक पहुंचाने के लिए अपनी प्रतिभा का प्रयोग करें। वक्ताओं द्वारा पत्रकारों से भ्रामक खबरों से बचने की अपील की गई।नवीन आई कार्ड जुलाई माह में वितरित किए जाने एवं विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।एम पी से आए वरिष्ठ पत्रकार संतोष गंगेले कर्मयोगी ने पदाधिकारियों का सम्मान किया।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार विराग पचौरी, राकेश अग्रवाल, राजेश चतुर्वेदी, अतुल शर्मा, आनंद तिवारी, लक्ष्मी गोस्वामी, अनूप गुरुदेव, कृष्ण गोपाल सिंह, रामगोपाल अग्रवाल, प्रकाश सक्सेना, कैलाश सोनी,आलोक शर्मा, योगेश चौबे, कृष्ण कांत चौबे,विपिन तिवारी, रमेश मिश्रा,अनिल शुक्ला, ललित विश्वकर्मा,पवन तिवारी, संतोष कौशिक, , सुरेश पाठक, हेमंत गोस्वामी सहित समूचे जिले से आए बड़ी संख्या में कलमकार मौजूद रहे। सुरुचि भोज में पत्रकारों के अतिरिक्त चेयरमैन महोबा संतोष चौरसिया, नगर पंचायत चेयरमैन कुलपहाड़ वैभव अरजरिया, उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार कुलपहाड़ ने भी सहभागिता की।