07HREG36 आसान नहीं यमुनोत्री धाम की डगर, खस्ताहाल पैदल मार्ग
उत्तरकाशी, 07 जून (हि.स)। उत्तराखंड चारधाम यात्रा का प्रथम धाम यमुनोत्री की डगर आसान नहीं है। यहां जानकीचट्टी के आगे पांच किलोमीटर का पैदल मार्ग कई स्थानों पर खस्ताहाल है। आलम यह है कि एक दिन में हजारों घोड़े-खच्चरों के आवागमन से मार्ग पर गड्ढे हो रहे हैं, जिससे पैदल आने-जाने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए खतरे से खाली नहीं है।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता महावीर पंवार ने बताया कि यमुनोत्री धाम के लिए वैकल्पिक मार्ग भंडेली गाड़ से वन विभाग के रास्ते पुराना भैरव मंदिर होते हुए यमुनोत्री में बाय पास वन वे संचालित किया जा रहा। वहां भी आज इस मार्ग की स्थिति बेहद खराब है।
घोड़े-खच्चर चालकों के अनुसार पैदल मार्ग अनेक स्थानों पर बहुत ही खतरनाक और बड़े-बड़े स्टेप सीढ़ियां हैं। कई जगह गड्ढे भी हो हैं। इसकी वजह से कई घोड़े खच्चर तो चढ़ने में ही हांफने लगते हैं और कई यात्री गिरते हैं और चोटिल भी हो जाते हैं। ऊपर से कीचड़ ही कीचड़ से पूरा रास्ता पैर रखने लायक नहीं है। मार्ग को संबंधित विभाग द्वारा तत्काल मरम्मत नहीं करवाया जाता है तो कोई अनहोनी होने से इनकार नहीं किया जा सकता है।