पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक प्रयास जरूरी : डॉ. जोशी

03HREG156 पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक प्रयास जरूरी : डॉ. जोशी

-मिशन लाइफ के तहत सेमिनार में पर्यावरण संरक्षण पर विचारों के साथ मंथन हुआ

-पर्यावरणविद् डॉ. जोशी ने विकास के साथ मजबूत पारिस्थितिकीय तंत्र पर जोर दिया

नई टिहरी, 03 जून (हि.स.)। मिशन लाइफ के तहत टीएचडीसी टिहरी ने बहुद्देशीय हाल भागीरथीपुरम में पर्यावरण की रक्षा और संरक्षण के लिए भारत के नेतृत्व वाला वैश्विक जल आंदोलन विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया। सेमिनार का शुभारंभ बतौर मुख्य वक्ता के तौर पर ख्याति प्राप्त पर्यावरणविद् हैस्को के संस्थापक डा. अनिल जोशी और टीएचडीसी टिहरी काम्प्लेक्स के ईडी एलपी जोशी ने स्टाफ के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

सेमिनार में पर्यावरण संरक्षण को वैश्विक स्तर पर एक सामूहिक सोच व प्रयास की पहल पर जोर देते हुए डॉ. अनिल जोशी ने कहा कि आज प्राण वायु की जरूरत हर देश व हर नागरिक को है। इसका अंदाजा कोविड काल में पूरे विश्व के देशों को पता चला चुका है। किसी तरह से प्राण वायु के बिना हा-हाकार मच गया था। आज अमेरिका जैसा सक्षम देश भी पर्यावरण संरक्षण की पहल हर स्तर पर कर रहा है। इसलिए मानव जीवन के लिए एक स्वच्छ पर्यावरण की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि जीवन को चलाने के लिए पर्यावरण संरक्षण व स्वस्थ पारिस्थितिकीय तंत्र का मजबूत होना जरूरी है। बेहतर जीवन शैली व विलासिता की दौड़ में पर्यावरण संरक्षण की अनदेखी मानव को कभी भी भारी पड़ सकती है। इसलिए विकास के साथ पारिस्थितिकीय तंत्र को मजबूत करते हुए आगे बढ़ने की जरूरत है। जलवायु परिवर्तन के लिए पूरी तरह से मानव को जिम्मेदारी ठहराते हुए डा.जोशी ने कहा कि हमें दोहरे चरित्र से बचना होगा। दोहरा चरित्र यह है कि अपने घर को साफ और घर के सामने की सड़क को अपना न समझकर गंदा छोड़ना दोहरा चरित्र है। इसके लिए किसी सरकार, संस्थान व देश को जिम्मेदार ठहराने के बजाय इसके लिए होने वाले प्रयासों अपनी भूमिका तय करना जरूरी है।

टीएचडीसी के ईडी एलपी जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि विकास व पारिस्थितिकीय तंत्र को मजबूत करते हुए हमें बीच का रास्ता तय करना होगा। विकास व पर्यावरण संरक्षण के साथ सामंजस्य बिठाते हुए संतुलित विकास को आगे बढ़ाना होगा, क्योंकि विकास और पर्यावरण दोनों ही बेहद जरूरी है। इसके लिए उन्होंने डॉ. अनिल जोशी के सामुदायिक पहल की विचारधारा का समर्थन किया।

इस मौके पर टीएचडीसी के ईडी एलपी जोशी, मुख्य महा प्रबंधक आरआर सेमवाल, महाप्रबंधक कोटेश्वर अनिरुद्ध विश्नोई, महाप्रबंधक यात्रिक एम के सिंह, सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट दुर्गेश शुक्ला, डीजीएम पर्यावरण शिवराज सिंह चौहान, अपर महा प्रबंधक पीएसपी मल्लिकार्जुन, डा नमिता डिमरी, मनबीर सिंह नेगी, दीपक उनियाल, आरडी ममगाई, दिनेश कोठारी, संजय बहुगुणा, सुषमा बहुगुणा, हिमानी आदि मौजूद रहे।