03HREG361 मसूरी में प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग के उपयोग पर कार्रवाई
मसूरी, 03 जून (हि.स.)। नगर पालिका स्वास्थ्य विभाग की ओर से मसूरी में प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग के उपयोग करने वाले दुकानदार और रेस्टोरेंट संचालकों पर कार्रवाई की गई है।
मसूरी नगर पालिका स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आभाष सिंह के नेतृत्व में मसूरी गांधी चौक पर प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग पर रोक लगाये जाने को लेकर दुकानों और रेस्टोरेंटों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया और दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग मिलने पर उसको जब्त कर चालान की कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया।
स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सिंह ने बताया कि मसूरी में प्लास्टिक बैग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। बावजूद कई बार पालिका प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान चलाए जाने के बाद भी कई दुकानदार प्लास्टिक बैग का उपयोग करते हुए नजर आ रहे हैं, जिन पर नगर पालिका ने कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि गांधी चौक पर 4 दुकानों और पांच रेस्टोरेंट पर प्लास्टिक बैग पाये गए जिस पर उनका चालान कर जुर्माना वसूल किया गया है। मसूरी में प्लास्टिक बैग का प्रयोग किया जाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक बैग पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाते हैं, वहीं से जानवरों को भी भारी नुकसान पहुंचता है। पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी लोगों को आगे आकर काम करना चाहिए वही प्लास्टिक बैग का किसी भी हाल में उपयोग ना करे। जल्द प्लास्टिक बैग में समान ले जाने वाले लोगों पर कार्रवाई कर जुर्माना वसूल किया जायेगा।