एक बार फिर हंगामे की भेंट चढ़ी नगर निगम बोर्ड की बैठक

03HREG368 एक बार फिर हंगामे की भेंट चढ़ी नगर निगम बोर्ड की बैठक

-हंगामे के चलते पेश नहीं हो सका बजट, बैठक स्थगित

हरिद्वार, 03 जून (हि.स.)। हरिद्वार नगर निगम की बोर्ड की बजट बैठक भारी हंगामे की भेंट चढ़ गयी। पक्ष विपक्ष के भारी हंगामे के चलते बजट प्रस्तुत नहीं किया जा सका और बैठक स्थगित कर दी गयी।

मार्च के अंतिम सप्ताह में होने वाली नगर निगम की बोर्ड बैठक दो माह बाद शनिवार को टाउन हाल में आहूत की गयी थी। बैठक में भाग लेने के लिए मेयर, पार्षद व निगम के अधिकारी टाउन हाल में पहुंच गए थे, लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही भाजपा पार्षदों ने मेयर पति अशोक शर्मा के टाउन हाल गेट पर धरने पर बैठने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा की महिला पार्षदों ने मेयर पति के अर्द्धनग्न होकर धरने पर बैठने को लेकर नाराजगी जताते हुए मेयर अनिता शर्मा से उनके पति को सदन से माफी मंगवाने की मांग करने लगीं।

महिला पार्षदों ने कहा कि वे अपने पति की तरफ से सदन में खेद जताएं, लेकिन मेयर ने इससे साफ इंकार कर दिया और कहा कि पार्षद बैठक छोड़कर बाहर क्यों गए। इस दौरान मेयर कुछ देर के लिए बैठक छोड़कर बाहर चली गयीं। हालांकि कुछ देर बाद वह वापस लौट आयीं। कई घंटे के हंगामे के बाद भाजपा पार्षदों ने सदन से वाॅकआउट कर दिया। इसके चलते बजट बैठक में प्रस्तुत नहीं किया जा और बैठक स्थगित कर दी गयी।