03HREG55 विश्व पर्यावरण दिवस पर पांच जून को स्मृति वन में पौधरोपण सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे
-त्रिवेणीघाट पर जल संरक्षण पर होगा महिला संवाद
ऋषिकेश, 03 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच जून को लालपानी वनबीट स्थित स्मृतिवन में पौधरोपण और त्रिवेणी घाट में जल संरक्षण पर महिला संवाद का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी जिला गंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य पर्यावरण विद विनोद जुगलान ने बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) भारत सरकार और जर्मन कार्पोरेशन जीआई जेड-एसजीआर के संयुक्त तत्वावधान में जिला गंगा सुरक्षा समिति देहरादून व नगर निगम ऋषिकेश के सहयोग से जल एवं महिला संवाद (वाटर एन्ड वीमेन सीरीज) के क्रम में तृतीय श्रृंखला का आयोजन 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजन से जुड़े जीआईजेड जर्मनी के तकनीकी सलाहकार मिराज अहमद, एनएमसीजी के अधिकारी पूरण कापड़ी, जिलागंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य पर्यावरण विद विनोद जुगलान और नगर निगम के एमआईएस विशेषज्ञ गुरमीत सिंह के संयुक्त दल ने कार्यक्रम की तैयारी को लेकर त्रिवेणी घाट का दौरा किया। समिति के नामित सदस्य विनोद जुगलान ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच जून को पहले लालपानी वनबीट स्थित स्मृति वन में पौधरोपण और दोपहर बाद त्रिवेणी घाट में जल संरक्षण पर महिला संवाद का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में एनमसीजी दिल्ली और जीआईजेड जर्मनी के उच्चाधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे। देश में वाटर एन्ड वीमेन सीरीज जल और महिला संवाद श्रृंखला का यह तीसरा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इससे पूर्व नेशनल मिशन फ़ॉर क्लीन गंगा और जीआईजेड के तत्वावधान में पहला भव्य कार्यक्रम वर्ष 2022 में वाराणसी में और दूसरा कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में 22 मई 2023 को किया जा चुका है।
कार्यक्रम का उद्देश्य जल क्षेत्र में कार्य कर रही महिलाओं और समाज की स्थिति में सुधार के लिए प्रतिबद्ध महिलाओं को सम्मिलित कर उनकी समस्याएं,सुझाव जानना है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम की श्रृंखला में पौधरोपण, विभिन्न प्रारूपों में पैनल चर्चा,संवाद,सांस्कृतिक कार्यक्रम,लोकगीत,महिलाओं और जल से जुड़ी लोक कलाओं विदेशी प्रतिनिधियों को भारतीय संस्कृति से रूबरू कराना है। कार्यक्रम के बाद अतिथियों को गंगा आरती में सम्मिलित किया जाएगा।