03HREG122 दूसरी शादी करने की चाह में पति बना पत्नी का हत्यारा, गिरफ्तार
हरिद्वार, 3 जून (हि.स.)। जनपद के पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम ऐथल में महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपित मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पहली पत्नी के होते हुए दूसरी शादी करना चाहता था। इसी सिलसिले में उसने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
गौरतलब है कि 1 मई को जाहिर हसन पुत्र वहीद निवासी ग्राम ऐथल थाना पथरी हरिद्वार ने अपनी पत्नी की मुंह दबाकर हत्या कर दी थी और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। इस संबंध में घटना की सूचना मिलने पर बहन के घर पहुंचे मृतका के भाई अजीम ने महिला के पति व उसके भाइयों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह द्वारा पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। पथरी पुलिस द्वारा 24 घंटे के भीतर ही आरोपी पति जाहिर हसन को ग्राम बुक्कनपुर से गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य दो गुलशेर व गुलजार पुत्रगण वहीद निवासी ऐथल थाना पथरी जनपद हरिद्वार की तलाश में पुलिस जुटी है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह दूसरी शादी करना चाहता था। पत्नी के न मानने पर वह लगातार पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसी बात को लेकर उसने पत्नी का मुंह दबाकर हत्या कर दी।