02HSPO16 खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स क्षमता दिखाने का अच्छा अवसर है – मनु भाकर
गौतम बुद्ध नगर, 2 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में चल रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच है, यह कहना है भारत की 21 साल की ओलंपिक पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर का।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 उत्तर प्रदेश में 10 मीटर महिला एयर पिस्टल और मिश्रित टीम में कांस्य और स्वर्ण पदक विजेता एवं ओलंपियन, मनु ने कहा, “मेरा मानना है कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स एक ऐसा इवेंट है जहां त्ग़लतियों का प्रयोग और विश्लेषण करना व्यावहारिक रूप से संभव है।”
मनु ने कहा, “प्रमुख घरेलू प्रतियोगिताओं में, जो चयन ट्रायल के रूप में कार्य करती हैं, उसमें निशानेबाज अपने क्षेत्र में रहना पसंद करते हैं और ज़्यादा प्रयोग नहीं करते हैं।”
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स शूटिंग प्रतियोगिता के आयोजन स्थल डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में मंगलवार को मनु ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीता। उन्होंने फाइनल में 217.1 का स्कोर बनाया और एक दिन बाद अन्य अंतरराष्ट्रीय शूटर और टीम के साथी सरबजोत सिंह के साथ उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
घरेलू प्रतियोगिता से दूर, पंजाब यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व कर रहीं हरियाणा की निशानेबाज मनु के अनुसार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स अत्यधिक प्रतिस्पर्धी हो गए हैं। ओलंपियन का कहना है कि दबाव में प्रदर्शन करने की मानसिक क्षमता को परखने वाला इवेंट है यूनिवर्सिटी गेम्स। “खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स बहुत चुनौतीपूर्ण हैं। सभी फाइनलिस्ट खुद को साबित करना चाहते हैं, ”मनु ने कहा। “हम नए चेहरों को पदक जीतते हुए देख सकते हैं। ऐसा होना अच्छी बात है।”
मनु ने 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य जीता, वह महिलाओं की 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में पदक जीतने से चूक गयीं।
विश्व चैम्पियनशिप और हांग्जो एशियाई खेलों के लिए आगामी घरेलू प्रतियोगिता और चयन ट्रायल मनु के लिए वापसी करने और राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की करने का एक अच्छा अवसर होगा। मनु के पिता राम किशन भाकर ने कहा, “हमें आने वाले महीनों में अच्छे नतीजों की उम्मीद है।”