सरोवर नगरी में पर्यटन सीजन अब अपने उफान पर

29HREG173 सरोवर नगरी में पर्यटन सीजन अब अपने उफान पर

-सोमवार को यानी सप्ताह के बीच के दिन भी एक हजार से अधिक वाहन नगर से बाहर खड़े कराए गए हैं

नैनीताल, 29 मई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पर्वतीय पर्यटन नगरी-सरोवर नगरी नैनीताल में ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन अब अपने उफान पर है। अब तक खासकर सप्ताहांत पर ही सैलानियों की भीड़ उमड़ रही थी, लेकिन अब सोमवार को भी नगर में भारी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं, इससे लग रहा है कि अब नगर में पर्यटक सप्ताहांत के अलावा भी उमड़ रहे हैं।

हालांकि भीड़ कोरोना से पूर्व के वर्षों के मुकाबले कम ही कही जा सकती है। क्योंकि इस वर्ष एक ओर मैदानी क्षेत्रों में भी गर्मियों के ज्येष्ठ-मई माह में बारिश होने से मौसम गर्म नहीं हो पाया है, साथ ही नगर में पार्किंग संबंधी समस्या का हल्ला कुछ ज्यादा ही प्रशासन की ओर से बना दिया गया है।

नगर के लेक ब्रिज चुंगी के ठेकेदार ने भी गत दिवस आरोप लगाया था कि नगर की पार्किंग में जगह होने के बावजूद वाहनों को शहर के बाहर रोका जा रहा है। इन कारणों से भी सैलानी अपेक्षाकृत कम संख्या में पहुंच रहे हैं, बहरहाल नगर के प्रमुख होटल स्वामियों की मानें तो सभी कमरे पैक चल रहे हैं। ‘वॉक इन’ यानी चलते-फिरते आने वाले सैलानियों को तो गाइडों के माध्यम से कमरे पंजीकृत-गैरपंजीकृत होटलों व होम स्टे आदि में मिल जा रहे हैं, परंतु पूछे जाने पर सभी होटल पैक बताए जा रहे हैं।

नगर क्षेत्राधिकारी विभा दीक्षित ने बताया कि सैलानियों की अच्छी भीड़भाड़ है। एक हजार से अधिक वाहनों को नगर के बाहर रूसी बाइपास और नारायण नगर की पार्किंगों में रोका गया है। इन वाहनों से आने वाले पर्यटकों को शटल टैक्सियों के माध्यम से नगर में आने दिया जा रहा है। पार्किंग वाले होटलों में बुकिंग करके आने वाले और नगरवासियों को नगर में आने दिया जा रहा है। इससे नगर में वाहनों का आवागमन अपेक्षाकृत सुगम बना हुआ है।