मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाने का लिया संकल्प

28HREG169 मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाने का लिया संकल्प

नई टिहरी, 28 मई (हि.स.)। भाजपा टिहरी विधानसभा क्षेत्र की मंडल कार्यसमिति में संगठन को और मजबूत बनाकर 2024 में नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया। महाजनसंपर्क अभियान के दौरान सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। विधायक किशोर ने कहा कि रविवार का दिन देश के लिए ऐतिहासिक रहा है। इस दिन नए भारत के विराट संकल्प का नया संसद भवन राष्ट्र को समर्पित हुआ है।

बौराड़ी में आयोजित टिहरी विधानसभा क्षेत्र की मंडल कार्यसमिति का विधायक किशोर उपाध्याय और प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। मंडल अध्यक्ष गोपीराम चमोली, हर्षमणि सेमवाल, सुशील चंद्र बहुगुणा ने वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए अपने-अपने मंडल के कार्यक्रमों की जानकारी दी।

विधायक और प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में ही नहीं बल्कि विश्व में भारत का मान बढ़ा है। ऐसे में देश को फिर विश्व गुरु और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए मोदी को तीसरी बार पीएम बनना जरूरी है। जिला महामंत्री उदय रावत ने 30 मई से शुरू हो रहे महाजनसंपर्क अभियान की जानकारी दी। कहा कि हर पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ता जनता से संवाद कर उनकी फोटो और वीडियो नमो और सरल एप पर अपलोड जरूर करें।

इस मौके पर जाखणीधार की प्रमुख सुनीता देवी, चंबा शिवानी बिष्ट, पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान, मस्ता नेगी, अनीता कंडियाल, महिला मोर्चा की जिला महामंत्री उर्मिला राणा, मंडल अध्यक्ष लीला मखलोगा, बबीता देवी, विजय कठैत, सुशील बहुगुणा, सतवीर पुंडीर,विमला खणका, मंजू चंद, अनीता सेमल्टी, सरला नेगी, कमला चमोली, लक्ष्मी रावत आदि मौजूद थे।