21HREG296 आमदनी का अच्छा स्रोत है बागान, लाभान्वित होगा किसान : डॉ वीके त्रिपाठी
-फल बगीचे लगाने से पूर्व रखें आवश्यक बातों का ध्यान, मिलेगा अच्छा फलोत्पादन
कानपुर, 21 मई (हि.स.)। मानसून की बारिश के बाद बाग लगाने का सबसे बेहतर समय माना जाता है। इसके लिए पहले लेआउट और गड्ढे की खुदाई जरूरी होती और यह काम मई माह में हो जाना चाहिये। इससे हानिकारक कीटाणु तेज धूप में नष्ट हो जाते हैं। बारिश होने पर लगाए गये पौधे लंबे समय तक फलोत्पादन करते हैं। इस प्रकार बागान आमदनी का अच्छा स्रोत साबित हो सकता है। यह बातें रविवार को सीएसए के वैज्ञानिक डॉ वीके त्रिपाठी ने कही।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के उद्यान विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ वीके त्रिपाठी ने बताया कि बाग लगाने से पूर्व आवश्यक तकनीकों जानकारी होना बागवान के लिए जरूरी है। बाग लगाना अन्नदाता के लिए आमदनी का अच्छा खासा जरिया साबित होता जा रहा है। उन्होंने बागवानों को सलाह दी है कि बाग लगाने के लिए सही स्थान का चयन कर लें। बाग लगाने के लिए लेआउट और गड्ढे की खुदाई का काम मई माह में खत्म कर लेना चाहिए जिससे कि तेज धूप से हानिकारक कीटाणु खत्म हो जाते हैं।
डॉक्टर त्रिपाठी ने बताया कि गड्ढों की भराई का कार्य एक माह पश्चात यानी कि जून के महीने में पूर्ण कर लेना चाहिए। गड्ढा भरते समय प्रति गड्ढा गोबर की सड़ी हुई खाद 20 से 25 किलोग्राम, सुपर फास्फेट 250 ग्राम, क्विनालफोस 50 ग्राम, नीम की छाल 2 किलोग्राम अवश्य डालें। छारीय मिट्टी होने पर 250 ग्राम जिप्सम और तालाब वाली मिट्टी को भरना चाहिए। इसके बाद अच्छी नर्सरी या उद्यान विभाग से सही किस्मों का चयन कर जुलाई-अगस्त माह में पौधरोपण का कार्य पूर्ण कर लें।