वेद, वेदांत, उपनिषद जैसे ग्रंथों का निचोड़ है श्रीमद्भागवत : किरीट भाई

21HREG297 वेद, वेदांत, उपनिषद जैसे ग्रंथों का निचोड़ है श्रीमद्भागवत : किरीट भाई

लखनपुरी के बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में आयोजित हुई कथा

लखनऊ, 21 मई (हि.स.)। प्रसिद्ध संत व प्रवाचक किरीट भाई महाराज ने श्रीमद्भागवत के महात्म्य की चर्चा करते हुए बताया कि वेद, वेदांत, उपनिषद जैसे कई ग्रंथों का निचोड़ श्रीमद्भागवत में है। कलयुग में विशेषकर श्रीकृष्ण के गुणों का श्रवण करने के लिए श्रीमद्भागवत विशेष ग्रंथ है।

वह लखनपुरी के बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में आयोजित दो दिवसीय भागवत नाम चर्चा के दूसरे रविवार को श्रीमद्भागवत् के महात्म्य को बता रहे थे। कथा का आयोजन श्रीखाटू श्याम परिवार की ओर से किया गया।

संत प्रवर ने कथा का विस्तार देते हुए कहा कि भागवत के श्रवण मात्र से मानव गृहस्थ धर्म के कर्तव्यों का पालन करते हुए भागवत भक्ति करते हुए परम लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। भागवत कथा के प्रारम्भ से देव हरि प्रभु ने मधुर स्वर में भगवन नाम का संकीर्तन किया। प्रवचन में उपस्थित भक्तों ने भाव-विभोर होकर कथा का रसपान किया। अंत में श्रीमद भागवत की आरती के पश्चात हरि कीर्तन में हर्षोल्लास के साथ भक्तिरस में झूमते हुए भक्तजनों ने नृत्य किया।

कथा श्रवण करने वालों में प्रदीप अग्रवाल, गणेश अग्रवाल, रूपेश अग्रवाल सहित खाटू श्याम परिवार के सैकड़ो लोग मौजूद रहे।