20HREG335 सनातन की धारा सदा बहती रहती हैः किरीट भाई
लखनऊ के श्री खाटू श्याम मंदिर मे शुरू हुआ दो दिवसीय भगवत चर्चा कार्यक्रम
लखनऊ, 20 मई ( हिं.स़. ) । संत एवं कथावाचक किरीट भाई ने कहा कि सनातन धर्म एक स्वच्छ और निर्मल नदी की तरह है इसकी धारा हमेशा बहती रहेगी। यह सर्वश्रेष्ठ धर्म है । वह लखनपुरी के श्री खाटू श्याम मंदिर में शनिवार से आयोजित दो दिवसीय भगवत नाम पर चर्चा कार्यक्रम में प्रवचन कर रहे थे। प्रवचन समारोह का आयोजन श्रीश्याम परिवार की ओर से बीरबल साहनी मार्ग स्थित मंदिर में किया जा रहा है।
किरीट भाई ने कहा कि सनातन धर्म की बौद्धिक रीति हमारे वेदों में निहित है। बिना धर्म के समाज और देश का कल्याण संभव नहीं है। कहा कि वेद का मूल अर्थ ज्ञान है और ज्ञान का मतलब सीधे परमात्मा से है। वेद हमारे जीवन शैली के अनुरूप हैं।
उन्होंने खाटू श्याम मन्दिर बाबा श्याम के बारे में बताते हुए कहा कि ऐसा माना जाता है कि हमारे इष्ट भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद है कि कलयुग में वीर बर्बरीक की पूजा हमारे अनुरूप की जायेगी। इसी आशीर्वाद की परम्परा युगों-युगों तक चलती आई है और आने वाले समय में भी रहेगी ।
इससे पहले कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्रीश्याम परिवार के महामंत्री रूपेश अग्रवाल ने बताया कि गोमती तट पर स्थित दो दिवसीय भगवत नाम पर चर्चा कार्यक्रम 20-21 मई को शाम 5 शाम बजे से रात आठ बजे तक खाटू श्याम मन्दिर गोमती तट पर किया जाएगा। इस मौके पर परिवार के प्रदीप अग्रवाल, गणेश अग्रवाल,, भारत भूषण गुप्ता, वीरेंद्र अग्रवाल, आशीष अग्रवाल अन्य भक्तगण उपस्थित थे।