20HREG353 भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित: वीके सिंह
-मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर भाजपा ने बनाई मासिक कार्यक्रम योजना
-नोटबन्दी भृष्टाचार पर अंकुश के लिए की गई
गाजियाबाद, 20 मई (हि.स.)। मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) की एक बैठक मोहन नगर स्थित आईटीएस में शनिवार को हुई। जिसमें पूरे एक महीने तक अभियान चलाने की रूप रेखा तैयार की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि महासंपर्क अभियान में हमें घर-घर जाकर प्रधानमंत्री के विकास एवं कल्याणकारी कार्यों का संदेश देना है।
बैठक में प्रदेश मंत्री महानगर प्रभारी अमित बाल्मीकि ने बताया मंडल स्तर पर पार्टी के कार्यक्रम के मुताबिक आगामी 22 अथवा 23 मई को मंडल की कार्यसमिति के साथ महासंपर्क अभियान को जमीनी स्वरूप देने के लिए बैठक की जाएगी। 29 मई को बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में एक केंद्रीय मंत्री,मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। 30 और 31 मई को पीएम नरेंद्र मोदी जनसभाओं के जरिए कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। 1 जून से 22 जून तक चलेगा समर्थन अभियान। 2 और 3 जून को विकास तीर्थ यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 4 जून को सार्वजनिक स्थलों पर भाजपा के सोशल मीडिया ग्रुप की बैठक होगी।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया ने कहा कि लोगों की इच्छा है कि मोदी तीसरी बार देश का नेतृत्व करें। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नौ वर्ष भारत के स्वाभिमान और सम्मान का वर्ष है। यह गांव गरीब किसान के कल्याण का वर्ष है। यह अंत्योदय से सर्वोदय तक का वर्ष है। यह देश को निराशा से आशा में बदलने का वर्ष है। यह साल बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था का, दुनिया में भारत की बढ़ती साख का वर्ष है। यह आत्मनिर्भर भारत का वर्ष है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से भाजपा कार्यकर्ता 30 मई से 30 जून तक चलने वाले महासंपर्क अभियान को सफल बनाएंगे।
केंद्रीय मंत्री सांसद जनरल वीके सिंह ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत माता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है। देश की रक्षा और विकास के लिए नरेंद्र मोदी पर जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। हमें ये संदेश पार्टी मीटिंग से बाहर घर घर पहुंचना है। जिसके लिए हमें तैयारी करनी है। एक माह की तैयारी ही अनुकूल परिणाम तय करेगी। उन्होंने नोट बंदी के खिलाफ मुहीम चलाने वाले लोगों को कहा देश के पीएम मोदी ने दो साल पहले 2000 के नोट के बंद होने की बात कही थीं। ये नोटबंदी नहीं भ्रष्टाचार कालाबाजारी पर अंकुश लगाने की एक प्रक्रिया मात्र है।
महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने सभी अगुंतकों का आभार व्यक्त किया। बैठक का संचालन महानगर महामंत्री महासंपर्क अभियान संयोजक पप्पू पहलवान ने किया।
बैठक में प्रमुख रूप से राज्यसभा सांसद डॉक्टर अनिल अग्रवाल, पूर्व सांसद डॉक्टर रमेश चंद तोमर आदि सहित समस्त मंडल अध्यक्ष प्रभारी उपस्थित रहे।