20HREG89 गन्ना भुगतान समय से सुनिश्चित कराएं अधिकारी : कमिश्नर
– कमिश्नर की अध्यक्षता में मण्डलीय विकास कार्यों की बैठक सम्पन्न
मुरादाबाद 20 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री के सर्वोच्च प्राथमिकता कार्यक्रमों व अन्य विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक मंडलायुक्त की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में आहूत की गई।
कमिश्नर आन्जनेय कुमार सिंह ने ई संजीवनी के तहत ओपीडी में सम्भल के संबंधित अधिकारी को प्रगति करने के निर्देश दिये। डिस्ट्रिक्ट टेली कंसल्टेशन हब के तहत कमिश्नर ने संबंधित अधिकारी को रिक्त स्थानों को जल्द से जल्द भरने के निर्देश दिए। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत कमिश्नर ने मुरादाबाद के संबंधित अधिकारी को सत्यापन बढ़ाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने निराश्रित गौवंश को संरक्षित करने के संबंध में जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों को गम्भीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। गौवंश एवं महिषवंशीय पशुओं की ईयर टैगिंग के संबंध में बिजनौर के संबंधित अधिकारी को पशुओं की ईयर टैगिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने सभी जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि एक ऐसा माॅडल तैयार किया जाये, जिससे ग्राम पंचायतों की आय बढ़ सके।
कमिश्नर ने मुख्य विकास अधिकारी अमरोहा को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में पुस्तकालय निर्माण में प्रगति कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि हर ग्राम पंचायत में पुस्तकालय एवं नक्षत्र शालाओं के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने कहा कि अधिकारी कोशिश करें कि प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की लेखन क्षमता, पाठन क्षमता, गुणा-भाग (गणित) की क्षमताओं को बढ़ाने की रूपरेखा तैयार की जाए तथा अध्यापकों की भी वर्कशाॅप के माध्यम से काउंसलिंग करवायी जाए। पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत कमिश्नर ने मुरादाबाद के मुख्य विकास अधिकारी को प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए । उन्होंने उपस्थित सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीद की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए । कौशल विकास योजना के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी अमरोहा को मडलायुक्त ने विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त द्वारा समस्त जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समस्त सरकारी भूमि का चिन्हाकंन करें व चारागाह की जमीनों पर पशुओं हेतु नेपियर घास की व्यवस्था की जाए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में यह निर्देश दिए गए कि हर स्तर पर दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को दवाइयों के वेयर हाउस का निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी अमरोहा बालकृष्ण त्रिपाठी, जिलाधिकारी बिजनौर उमेश मिश्रा, जिलाधिकारी सम्भल मनीष बंसल, जिलाधिकारी रामपुर रबिन्द्र कुमार मांदड़, अपर आयुक्त प्रशासन बीएन यादव, संयुक्त विकास आयुक्त श्रीकृष्ण पाण्डेय, सीडीओ मुरादाबाद सुमित यादव सहित सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, एडी हेल्थ, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, संयुक्त निदेशक कृषि, डब्ल्यूएचओ एवं यूनिसेफ के प्रतिनिधि सहित एसई सिंचाई, विद्युत, लोक निर्माण विभाग, उप निदेशक समाज कल्याण, उप निदेशक पूर्ति, उप निदेशक उद्यान, उप निदेशक प्रोबेशन, उप निदेशक पंचायतीराज, पशुपालन, सेतु, आईसीडीएस आदि विभागों के मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे।