17HREG20 उप्र: मिशन-2024 पर निकले भूपेन्द्र चौधरी एवं धर्मपाल
निकाय चुनाव के बाद मिशन 2024 की तैयारी में जुटी भाजपा
लखनऊ,17 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में प्रचण्ड जीत के बाद मिशन-2024 की तैयारी में जुट गयी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल मिशन-2024 को फतह करने के लिए प्रदेश के दौरे पर निकल चुके हैं। प्रदेश के पार्टी तथा संगठन के मुखिया भूपेन्द्र एवं धर्मपाल ने नगर निकाय चुनाव के तुरंत बाद ही अगले कार्यक्रमों एवं प्रवास की अपनी घोषणा कर दी है।
द्वय नेताओं ने प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संपर्क व संवाद के लिए विशेष संपर्क अभियान शुरू करने व सभी लोकसभाओं में जनसभाएं करने की घोषणा की है। इसके साथ ही भाजपा ने आगामी कार्यक्रमों को सम्पन्न करने के लिए क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठकें भी शुरू कर दी है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी बुधवार को नोएडा के द शौर्य वैंक्वेट हॉल, ओसिस सोसाइटी, सेक्टर-73, में पश्चिम क्षेत्र की कार्यसमिति की बैठक कर रहे हैं तो भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह आज वाराणसी में काशी क्षेत्र की बैठक में रहेंगे।
क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठकों के बाद प्रदेशभर में जिला कार्यसमिति की बैठकें होंगी। ब्रज क्षेत्र की बैठक गोरखपुर में 18 मई को होगी। इसके अलावा कानपुर और अवध क्षेत्र की बैठकें 19 मई को होगी।