आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम की घोषणा

16HSPO7 आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम की घोषणा

लंदन, 16 मई (हि.स.)। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने आयरलैंड के खिलाफ एक मात्र टेस्ट मैच के लिए मंगलवार को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो की टीम में वापसी हुई है। पिछले साल बेयरस्टो गोल्फ खेलते समय चोटिल हो गए थे। उनके बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया था। अब वे पूरी तरह से फिट हैं। बेयरस्टो की टीम में वापसी के साथ बेन फॉक्स को टीम से बाहर कर दिया गया है।

बेन फॉक्स को टीम से बाहर करने को लेकर इंग्लैंड मेन्स क्रिकेट के लिए ईसीबी के प्रबंध निदेशक रॉब की ने कहा कि बेन फॉक्स को टीम से बाहर करना एक बेहद कठिन निर्णय था। वह पिछले वर्ष इंग्लैंड के लिए बेहतरीन रहा है, लेकिन जॉनी बेयरस्टो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं।

15 सदस्यीय स्क्वाड में तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स की भी मार्च 2022 के बाद पहली बार टेस्ट टीम में वापसी हुई है। न्यूजीलैंड दौरे से ब्रेक लेने के बाद तेज गेंदबाज मार्क वुड की टीम में वापसी हुई है।

उल्लेखनीय है कि आयरलैंड के खिलाफ एक मात्र टेस्ट मैच लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में 1 जून से खेला जाएगा।

इंग्लैंड टेस्ट टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जेम्स एंडरसन, जॉनी बेयरस्टो, स्टुअर्ट ब्रॉड, हैरी ब्रूक, जक क्रॉली, बेन डकेट, डैन लॉरेंस, जैक लीच, ओली पोप, मैथ्यू पॉट्स, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, क्रिस वोक्स, मार्क वुड।