फुटबॉल का विकास करना मेरी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं में से एक: डॉ शाजी प्रभाकरन

16HSPO12 फुटबॉल का विकास करना मेरी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं में से एक: डॉ शाजी प्रभाकरन

नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) महासचिव डॉ शाजी प्रभाकरन ने कहा है कि भारत में फुटबॉल का विकास करना मेरी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं में से एक है। इसके लिए अपना प्रयास मैं जारी रखूंगा।

एआईएफएफ देश में जमीनी स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में फेडरेशन ने ब्लू कब्स के लिए सोमवार को लोगो लॉन्च किया, जो एक प्रमुख जमीनी स्तर का कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य भारतीय फुटबॉल के लिए एक मजबूत नींव स्थापित करना है। यह रणनीतिक रोडमैप ‘विजन 2047’ का हिस्सा है और इसका लक्ष्य 2026 तक 4 से 12 वर्ष की आयु के 35 मिलियन बच्चों को जोड़ना है। वर्ष 2047 तक इस संख्या को 100 मिलियन तक ले जाना है।

एआईएफएफ द्वारा मंगलवार को जारी बयान में एआईएफएफ के महासचिव डॉ शाजी प्रभाकरन ने कहा कि जमीनी स्तर पर फुटबॉल का विकास करना मेरी व्यक्तिगत प्राथमिकताओं में से एक है। मैं भारत में जमीनी स्तर के परिदृश्य को बढ़ाने पर अधिक ध्यान देना जारी रखूंगा।

डॉ शाजी प्रभाकरन ने कहा कि हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक बच्चे इस खेल में भाग लें और ब्लू कब्स कार्यक्रम भी हमारे लिए दिवंगत पीके बनर्जी (महान खिलाड़ी प्रदीप कुमार बनर्जी) को सम्मानित करने का एक और तरीका होगा।

ब्लू कब्स कार्यक्रम ब्लू टाइगर्स (इंडियन फुटबॉल टीम) के लिए नींव विकसित करने में मदद करेगा। इसकी घोषणा एआईएफएफ की कार्यकारी समिति ने पिछले महीने हुई अपनी बैठक में की थी।