राजगढ़ः केमीकल,पाॅम ऑयल से नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई, भेजा जेल

11HCRI42 राजगढ़ः केमीकल,पाॅम ऑयल से नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई, भेजा जेल

राजगढ़, 11 मई (हि.स.)। सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मउ में स्थित मकान में केमीकल, पाॅम ऑयल सहित अन्य मिलावटी वस्तुओं से नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री पर गुरुवार अल्सुबह प्रशासन, पुलिस और खाद्य विभाग की टीम के द्वारा संयुक्त रुप से छापामार कार्रवाई की गई। टीम ने मौके से 100 लीटर मिक्स दूध, 15 किलो सफेद पावडर सहित अन्य मिलावटी वस्तुएं जब्त की, वहीं डेयरी संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

कलेक्टर हर्ष दीक्षित के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ अक्षय तेमरवाल, एएसपी मनकामनाप्रसाद के मार्गदर्शन में खाद्य विभाग और पुलिस टीम के द्वारा ग्राम मउ में अवैध रुप से संचालित मिल्क चीलिंग सेंटर्स पर छापामार कार्रवाई की गई, कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 100 लीटर मिक्स मिल्क, 15 किलो सफेद पावडर,छह बाॅक्स सोयाबीन तेल सहित अन्य मिलावटी सामग्री जब्त की।

पुलिस ने मौके से डेयरी संचालक गुलाम पुत्र कासम हुसैन को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ धारा 272, 273, 51, 59, 63 खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जेल भेजा। वहीं दो दिन पूर्व ग्राम रोजड़खुर्द में नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री पर छापामार की गई थी, जिसमें डेयरी संचालक देवराज तोमर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया और उसके अवैध अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया।