कनखल ज्वैलरी शोरूम में चोरी का किया खुलासा, गिरोह के सदस्य 3 गिरफ्तार

09HCRI7 कनखल ज्वैलरी शोरूम में चोरी का किया खुलासा, गिरोह के सदस्य 3 गिरफ्तार

-घटना में प्रयुक्त 02 स्विफ्ट कार, लगभग ढाई लाख कीमती ज्वैलरी बरामद

हरिद्वार, 09 मई (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र में गत 2 मई को ज्वैलरी शोरूम से दिनप दहाड़े हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो आरोपित महिलाओं की पुलिस को तलाश है। पुलिस ने चोरी किया हुआ सारा सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए बताया कि सर्वप्रिय विहार हाल निवासी थाना कनखल आशा सपरा ने 2 मई को उनके ज्वैलरी शोरूम में ग्राहक बनकर आए कुछ अज्ञात चोरों द्वारा दिन दहाड़े ज्वैलरी चोरी की घटना को अंजाम देने संबंधी मुकदमा दर्ज कराया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे फुटेज, मुखबिर तंत्र, मैन्युअल पुलिसिंग समेत अथक प्रयास कर बैरागी कैम्प घुड़सवार पुलिस लाइन के पास से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शातिर गिरोह के 03 आरोपितों को चोरी की ज्वैलरी व घटना में प्रयुक्त 02 स्विफ्ट कार समेत दबोचा लिया। जबकि घटना में शामिल 02 महिला आरोपितों कीं तलाश जारी है।

गिरोह ऐसे देता था घटनाओं को अंजाम-

उन्होंने बताया कि गिरोह शादी समारोह आदि में घूमने के बहाने जाते हैं। वहां लोगों में किसी ना किसी बहाने से घुल मिल जाते हैं और पलक झपकते ही इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे देते हैं। गिरोह द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस प्रकार की लगभग 18 वारदात करने की घटनाओं को कबूला गया है। जिनके आपराधिक इतिहास की जानकारी एकत्रित की जा रही है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से ज्वैलरी शोरूम से चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम साजिद, नाजिम, मंसूर निवासीगण सेक्टर 11 एच ब्लॉक केला देहात थाना विजयनगर जिला गाजियाबाद उ.प्र. बताए। जबकि फरार आरोपितों में रुकसाना पत्नी जाहिद व लाली पत्नी शमशुद्दीन निवासीगण सेक्टर 11 एच ब्लॉक केला देहात थाना विजयनगर जिला गाजियाबाद उ.प्र. हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।