अतिक्रमण पर चला तहसील प्रशासन का डंडा

09HREG90 अतिक्रमण पर चला तहसील प्रशासन का डंडा

गोपेश्वर, 09 मई (हि.स.)। अतिक्रमण को लेकर सरकार की सख्ती के बाद अब जिला प्रशासन के साथ ही तहसील प्रशासन भी सख्त हो गया है। मंगलवार को चमोली जिले के पोखरी में उपजिलाधिकारी ने अतिक्रमण को लेकर सख्ती बरतते हुए नगर पंचायत के कर्मचारियों के साथ बाजार का निरीक्षण कर अतिक्रमण को हटाये जाने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए साथ ही स्वच्छता और दुकानों में रेट लिस्ट चस्पा करने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी चमोली की ओर से सोमवार को सभी उपजिलाधिकारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों से साथ सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किये जाने को लेकर एक बैठक ली गई थी। जिसमें अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाये जाने के साथ ही अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इसी कड़ी में पोखरी उपजिलाधिकारी संतोष कुमार पांडे ने नगर पंचायत, पुलिस विभाग के साथ नगर क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर संघन अभियान चलाया। साथ बाजार में दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा करने के लिए पाॅलीथिन का प्रयोग न करने के भी निर्देश दिए। साथ ही व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए कि जो भी व्यापारी पाॅलिथिन का प्रयोग करता हुआ पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई और जुर्माना वसूला जायेगा।

अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत पोखरी रोशन पुंडीर ने कहा कि उपजिलाधिकारी के चेकिंग अभियान के दौरान जो कमियां पाई गई है जल्द कमियों में सुधार किया जाएगा। साथ ही अतिक्रमण को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाये जायेंगे।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार हरीशचंद्र पांडे, अधिशासी अधिकारी रोशन पुंडीर, एसआई देवेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।