खरगोनः शहरी स्वच्छता के लिए आगे आए संगठन, सफाई अभियान में नागरिकों ने भी दिया योगदान

07HREG144 खरगोनः शहरी स्वच्छता के लिए आगे आए संगठन, सफाई अभियान में नागरिकों ने भी दिया योगदान

खरगोन, 7 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शहरी स्वच्छता संकल्प महाअभियान के अंर्तगत शहर को साफ रखने और अपने आस पास गंदगी को दूर करने के लिए ली गई शपथ का असर इस दौरान देखने को मिला। रविवार को शहर के जागरूक संगठन और नागरिक कुन्दा नदी की सफाई में जुटे। यहां कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा सहित पेंशन एसोसिएशन, राज्य अध्यापक संघ, गायत्री परिवार और नगर के नागरिकों ने करीब दो घंटे श्रमदान कर कुन्दा नदी सफाई की। गणेश घाट स्थित हिस्से में नागरिकों ने पावड़े तगारी उठाकर भरपूर मात्रा में जलकुंभी निकाली। जलकुंभी निकलने के बाद घाट का स्वरूप ही बदल गया।

हर दिन चलेगा सफाई अभियान

कलेक्टर वर्मा ने रविवार को सफाई अभियान के बाद साफ हुए घाट और नागरिकों की सहभागिता को देखते हुए नगर वासियों से आव्हान किया कि हर दिन श्रमदान हो तो देखते-देखते कुन्दा नदी का स्वरूप बदल सकता है। इसके लिए हर दिन सुबह 7 से 9 बजे तक श्रमदान करके सफाई की जा सकती है। इसमें अलग-अलग विभागों को भी निर्देशित किया जाएगा। सभी विभाग इसमें अपना योगदान देंगे।

दरअसल, मुख्यमंत्री शहरी स्वच्छ्ता संकल्प महाअभियान के तहत शहर को साफ रखने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं घोषित की गई हैं। इसमें सबसे स्वच्छ मेरा घर, सबसे स्वच्छ मेरा वार्ड आदि प्रतियोगिताओं के माध्यम से शहर को स्वच्छ रखने का प्रयास किया जा रहा है। सफाई अभियान में विधायक रवि जोशी, नपा उपाध्यक्ष भोलू कर्मा, परसराम चौहान, एसडीएम ओएन सिंह, नपा स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चित्ते, पुष्पा पटेल व अन्य नागरिक शामिल हुए।