जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली

07HREG145 जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली

– घर-घर जाकर खुले में कचरा न फेंकने एवं डस्टबिन का उपयोग करने की लोगों से की गई अपील

सीधी, 7 मई (हि.स.)। नगर पालिका सीधी अन्तर्गत स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 के तहत रविवार को शहर को जागरुकता रैली निकाली गई। क्षेत्रीय विधायक केदारनाथ शुक्ल, नगर पालिका अध्यक्ष काजल वर्मा एवं कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। रैली में शामिल जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने वार्डवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया एवं सीधी शहर को साफ स्वच्छ रखने के लिए सहयोग करने की अपील की।

दिव्यांग सेवा समिति के नेतृत्व में वार्ड के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली गई इस रैली शामिल पार्षद विनोद मिश्रा, पूनम सोनी, आनंद परियानी, गीता सिंह, बाबूलाल कुशवाहा, रजनीश श्रीवास्तव, एसडीएम नीलेश शर्मा, नगर पालिका परिषद के अधिकारी कर्मचारी सहित अन्य लोगों ने वार्ड में भ्रमण कर वार्ड के लोगों से खाली प्लॉट पर कचरा न डालने, घरों का कचरा बाहर खुले में न फेंकने एवं शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की।

दरअसल, स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के अंतर्गत मुख्यमंत्री शहरी स्वच्छता संकल्प महा अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर सीधी शहर के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।