मंदसौर: जिला प्रेस क्लब व विश्व संवाद केन्द्र ने मनाई देवर्षि नारद जयंती

07HREG287 मंदसौर: जिला प्रेस क्लब व विश्व संवाद केन्द्र ने मनाई देवर्षि नारद जयंती

मंदसौर 7 मई (हि.स.)। जिला प्रेस क्लब मंदसौर और विश्व संवाद केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में नगर पालिका सभागार में सृष्टि के प्रथम पत्रकार देवर्षि नारद की जयंती समारोह पूर्वक मनाई गई। इस आयोजन में कैलाश आश्रम हरिद्वार के पूज्य संत स्वामी श्री जगदीशानंद जी महाराज ने अपना सानिध्य प्रदान किया। मुख्य वक्ता विक्रम विश्वविद्यालय के पत्रकारिता व जनसंचार विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ अजय शर्मा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा समाजसेवी व रोटरी क्लब के सहायक मंडलाध्यक्ष सुधीर लोढ़ा ने की। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। पं.संदीप शर्मा उज्जैन भी समारोह में सम्मिलित हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए पूज्य संत जगदीशानंद जी महाराज ने कहा कि देवर्षि नारद का व्यक्तित्व बहुआयामी था। ब्रह्मा जी ने सृष्टि का सृजन किया, भगवान विष्णु पालनहार हैं और शिव संहारक है। देवर्षि नारद ने ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों के मूल उद्देश्यों को सूचना संप्रेषक के रूप में संपूर्ण ब्रह्मांड में प्रेषित किया।

मुख्य वक्ता डॉ अजय शर्मा ने कहा कि देवर्षि नारद का परम लक्ष्य जनकल्याण था। उनकी सूचनाओं में सत्यता और प्रमाणिकता रहती थी। इसीलिए उन्हें पत्रकारिता का आदर्श माना जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुधीर लोढ़ा ने कहा कि पत्रकारिता व समाज सेवा में नारद नीति वर्तमान में भी बहुत प्रासंगिक है। जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष ब्रजेश जोशी ने अतिथि परिचय व स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में विश्व संवाद केंद्र के साथ मंदसौर जिला प्रेस क्लब ने देवर्षि नारद जयंती के आयोजन की परंपरा शुरू की।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि प्राप्त प्रतिभाओं को अतिथियों के कर कमलों से सम्मानित किया गया। इनमें सिविल जज वर्ग 2 की परीक्षा में देश में छठे स्थान पर आई सुश्री अक्षिता संजय शुक्ला, जिला जनसंपर्क अधिकारी डॉक्टर ईश्वर सिंह चौहान, पशु प्रेमी ओम बड़ोदिया, नेवी में चयनित सुश्री संजीवनी राजा सिंह, कनिका दीपक मंगल, रोलर स्केटिंग में राष्ट्रीय विजेता, तथा वर्णिका मनीष उपाध्याय का सम्मान किया गया।