भटक रही युवा पीढ़ी को योग, संस्कार व जिम्मेदारी से जोड़ें: सिसौदिया

07HREG307 भटक रही युवा पीढ़ी को योग, संस्कार व जिम्मेदारी से जोड़ें: सिसौदिया

मंदसौर: विश्व हास्य दिवस पर हुआ विशाल हास्य योग शिविर का आयोजन

मन्दसौर 7 मई (हि.स.)। आज युवा पीढ़ी भटक रही है, इस ओर चिंतन की आवश्यकता है। युवा आधुनिकता के रंग में अपने संस्कारों व नैतिकता से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे में हमारी जवाबदेही है कि युवाओं को योग, संस्कार एवं जिम्मेदारी के साथ जोड़ें। उक्त बात वरिष्ठ विधायक यशपालसिंह सिसौदिया ने योग भवन में दशपुर योग शिक्षण संस्थान द्वारा विश्व हास्य दिवस पर आयोजित विशाल हास्य योग शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

विधायक सिसोदिया ने कहा कि 16 वर्षों से यह योग संस्था अनवरत कार्य कर रही है। इतने वर्षों से यहां गुरू एवं शिष्य का अनोखा संबंध परिलक्षित होता है। योग गुरू सुरेन्द्र जैन साधकों के स्वास्थ्य के प्रति चिंतित रहते हैं। साधकों की भी गुरू के प्रति निष्ठा, समर्पण की अनुभूति दिखती है। उन्होंने कहा कि योग गुरू के प्रति ऐसी निष्ठा मैंने पूरे मध्यप्रदेश में कहीं नहीं देखी।

विशेष अतिथि हुडको डायरेक्टर बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि जैसे-जैसे विज्ञान तरक्की कर रहा है और सभ्यता आगे बढ़ रही है, व्यक्ति व्यस्त होता जा रहा है और उसकी हंसी गायब हो रही है। इस शिविर के माध्यम से उस हंसी को अंदर से लाने का प्रयास किया गया है।

25 प्रकार की हंसी का हुआ आयोजन- योग संस्था सचिव जितेश फरक्या ने बताया कि ऊँ की ध्वनि के साथ शुरू हुए इस हास्य शिविर में प्रातः मिलन हंसी, हस्त मिलन, आरग्युमेंट हँसी, काम्बिनेशन हँसी, बचपन-जवानी-बुढ़ापा हँसी, मिल्क शेक हँसी, जनरेटर हंसी, फ्लाईंग हंसी, मुख फ्रेश हंसी, गुब्बारा हंसी, पती-पत्नी हंसी, मक्खन हंसी, काबिला हंसी, शाबासी हंसी आदि योग हंसी करवाई और उसके फायदे से सबको अवगत कराया।

मंच पर हास्य योग प्रदर्शन योग शिक्षक लोकेन्द्र जैन एवं जिनेन्द्र उकावत ने किया। शिविर में योग शिक्षक ओम गर्ग, प्रीति जैन, बीना गर्ग, सोनल जैन, प्रेमेन्द्र चौरड़िया, विजयालक्ष्मी रघुवंशी, जापानी भावनानी, आस्था जैन,, महेश सेठिया सहित सैकड़ों साधक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया