भारतीय वैश्य महासंघ 28 मई को छठा वैश्य परिचय सम्मेलन करेगा आयोजित

21HREG178 भारतीय वैश्य महासंघ 28 मई को छठा वैश्य परिचय सम्मेलन करेगा आयोजित

देहरादून, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय वैश्य महासंघ 28 मई को देहरादून में विवाह योग्य वैश्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन आयोजित करेगा। महासंघ बीते कुछ वर्षों से यह सम्मेलन आयोजित कर रहा है। इस वर्ष यह संस्था द्वारा छठवां वैश्य परिचय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय गोयल ने शुक्रवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब सभागार में पत्रकार वार्ता में बताया कि इस सम्मेलन के माध्यम से युवक-युवती अपना योग्य जीवनसाथी का चुनाव कर सकते हैं। सम्मेलन में लगभग 300 युवक-युवतियों के रजिस्ट्रेशन संस्था द्वारा अभी तक किए जा चुके हैं और लगभग 700 युवक-युवतियों द्वारा रजिस्ट्रेशन करवाए जाने की संभावना है।

गोयल ने बताया कि भारतीय वैश्य महासंघ का गठन वर्ष 2015 में वैश्य समाज (जिसमें लगभग वैश्य समाज की 400 उपजातियां सम्मिलित हैं) के उत्थान व वैश्य समाज की सभी उपजातियों को एक मंच पर एकत्रित करने तथा आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। उसी दिशा में भारतीय वैश्य महासंघ निरंतर प्रयत्नशील रहा है। भारतीय वैश्य महासंघ गत 8 वर्षों से रचनात्मक कार्यों के द्वारा अपने उद्देश्य का निर्वहन निरंतर करता चला आ रहा है। संस्था द्वारा प्रत्येक वर्ष होली मिलन, तीज महोत्सव और दीपावली के पावन पर्व पर मां लक्ष्मी की महाआरती जैसे भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहे हैं।