गैस टैंकर से गैस की चोरी, तीन आरोपित गिरफ्तार

21HCRI25 गैस टैंकर से गैस की चोरी, तीन आरोपित गिरफ्तार

हरिद्वार, 21 अप्रैल (हि.स.)। गैस टैंकर से गैस चोरी कर एलपीजी सिलेंडरों में भरने के खतरनाक खेल का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से आठ गैस सिलेंडर, नोजल मय पाइप तथा सिलेंडर ढोने वाली एक कार बरामद की है।

पुलिस कप्तान के पीआरओ विपिन पाठक ने बताया कि थाना झबरेड़ा व सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने ग्राम सढौली में स्थित डीलक्स ढाबे पर गैस टैंकर से गैस निकालकर घरेलू गैस सिलेंडरों में भरते हुए 3 आरोपितों को पकड़ा है। मौके से 08 घरेलू गैस सिलेंडर, 01 नोजल मय पाइप, 01 टैंकर कैप्सूल व कार बरामद की है। उक्त गैस टैंकर को ट्रक चालक किशन पुत्र मनोज सिंह गाजियाबाद (उप्र) के लोनी से भगवानपुर लेकर आता रहता है। जिसमें से तीनों आरोपित डीलक्स ढाबे पर अवैध तरीके से टैंकर से गैस चोरी कर सिलेंडर में भरकर बेचते थे।

सीआईयू प्रभारी मनोहर भंडारी के अनुसार गिरफ्तार होने वालों में रोहित कुमार पुत्र बुध सिंह निवासी ग्राम कोटवाल आलमपुर थाना झबरेड़ा, किशन पुत्र मनोज सिंह निवासी ग्राम फुलोखारी एचपीसीएल गेट, भठिंडा पंजाब तथा अमित कुमार पुत्र किरण पाल निवासी सढौली थाना झबरेड़ा हरिद्वार शामिल हैं।