21HREG368 छह महीनों में भारी मात्रा में कच्ची शराब बनाने की सामग्री की गई नष्ट
हरिद्वार, 21 अप्रैल (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में छह महीने पहले हुए जहरीली शराब कांड में 12 लोगों की मौत हुई थी। आबकारी विभाग ने इन छह महीनों में अवैध शराब और कच्ची शराब पर की गई कार्रवाई के आंकड़े सामने रखें है। इसके अनुसार सैकड़ों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर भारी मात्रा में कच्ची शराब बनाने की सामग्री नष्ट की गई है।
जिला आबकारी अधिकारी प्रभा शंकर मिश्रा ने बताया कि इन 6 महीनों में शराब के अवैध कारोबार के कुल 408 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि करीब 116440 किलो कच्ची शराब बनाने का लाहन इन 6 महीनों में आबकारी विभाग द्वारा नष्ट किया गया है। इसी के साथ कुल 8673 लीटर अवैध शराब आबकारी विभाग द्वारा पकड़ी गई है। उन्होंने बताया कि जहरीली शराब कांड के बाद से इन 6 महीनों में कच्ची शराब व अवैध शराब के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया, जिसमें हमें काफी सफलता मिली है।