ट्रैक्टर चालक ने अपनी झोपड़ी में लगे एंगल से फंदा लगाकर की आत्महत्या

20HREG32 ट्रैक्टर चालक ने अपनी झोपड़ी में लगे एंगल से फंदा लगाकर की आत्महत्या

ऋषिकेश, 20 अप्रैल (हि.स.)। ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोविंद नगर स्थित झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले एक ट्रैक्टर के चालक ने संदिग्ध परिस्थितियों में झुग्गी में लगे एंगल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पांडे ने बताया कि नगर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम ने सूचना दी कि झुग्गी झोपड़ी बस्ती में एक ट्रैक्टर के चालक ने अपनी झुग्गी में लगे एंगल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह सूचना उन्हें उनके परिजनों ने दी।

इस पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर के चालक सतवीर के शव को फंदे से उतारा। पुलिस ने बताया कि जिस समय उसने फंदा लगाकर आत्महत्या की, उस दौरान परिजन झुग्गी झोपड़ी के बाहर ही बैठे थे। उनके पास से ही वह अचानक उठ कर अपनी झुग्गी में गया और वहां पर फंदा लगा लिया, यह घटना बुधवार की देर रात 10:30 बजे की बताई जा रही है। सबसे पहले उसकी पत्नी ने सतवीर को फंदे पर लटके देखा तो वह चीखने चिल्लाने लगी। इसके बाद घर के अन्य परिजन भी वहां पहुंचे और फिर पुलिस को सूचना दी गई।

एसआई जगत सिंह ने बताया कि मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।