19HREG73 तीर्थ नगरी में धूल भरी आंधी ने लोगों की बढ़ाई मुश्किलें
ऋषिकेश, 19 अप्रैल (हि.स.)। तीर्थ नगरी ऋषिकेश में बुधवार को दिनभर धूल भरी हवा चलती रही। गर्मी के बीच धूल के गुब्बार से सड़कों पर चलना मुश्किल रहा। जहां-तहां चल रहे निर्माण कार्य के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। चिकित्सकों की सलाह है कि सांस और दमा के रोगी विशेष सावधानी बरतें।
मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच अब गर्मी जोर पकड़ने लगी है। मंगलवार का दिन काफी गर्म रहा था। आज बुधवार को भी सुबह से ही मौसम में गर्माहट थी, लेकिन हवा बहुत हल्की थी। दिन चढ़ने के साथ हवा तेज हो गई और चारों तरफ धूल का गुब्बार उठने लगा।तेज हवाओं में कई जगहों पर दुकानदारों का सामान भी गिर गया। हरिद्वार रोड़ पर पुरानी चुंगी के समीप सड़क चौड़ीकरण के लिए की गई खुदाई से आज दिक्कतें काफी बढ़ती नजर आई। यहां बाइक-स्कूटी सवारों को तो रुकना पड़ा और चौपहिया व अन्य वाहनों के चालकों को भी गति कम करनी पड़ी।
नगर के सरकारी चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. मुकेश पांडे का कहना है कि धूल से सांस एवं दमा के रोगियों की परेशानी बढ़ सकती है। लापरवाही घातक सिद्ध हो सकती है। इसलिए ऐसे लोगों को विशेष एहतियात बरतनी चाहिए। अगर आने वाले दिनों में भी ऐसी ही धूल भरी हवा चलती है ,तो कोशिश करें कि घर में ही रहें। गुनगुना पानी पीते रहें। अगर बाहर निकल रहे हैं तो मास्क अवश्य लगाएं। नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. राजे नेगी ने बताया कि धूल से आंखों में संक्रमण हो सकता है। एलर्जी की समस्या भी बढ़ सकती । अगर अधिक परेशानी हो तो चिकित्सक को दिखाएं।