19HREG76 स्वावलंबन और कर्तव्यनिष्ठता है होनहार छात्र की पहचान : सत्य प्रसाद
ऋषिकेश, 19 अप्रैल (हि.स.)। आवास विकास कॉलोनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में वंदना सत्र में शिशु शिक्षा समिति के पूर्व प्रदेश निरीक्षक सत्य प्रसाद बंगवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पन्त के साथ सरस्वती मां के चित्र का अनावरण कर दीप प्रज्ज्वलन किया।
बुधवार की सुबह बच्चों को सम्बोधित करते हुए शिशु शिक्षा समिति के पूर्व प्रदेश निरीक्षक सत्य प्रसाद बंगवाल ने कहा कि एक विद्यार्थी को अपने जीवन में परिश्रमी, स्वावलंबी, ईमानदार और अपने कार्य के प्रति कर्तव्यनिष्ठ होना चाहिए। ऐसा करके सफलता अर्जित की जा सकती है। साथ ही उन्होंने एक लघु नाटिका के माध्यम से बताया कि एक शिक्षक का छात्र के जीवन में बहुत महत्वपूर्ण स्थान होता है, शिक्षक अपने गुणों तथा आचरण से पूजनीय होता है।
प्रधानाचार्य उमाकान्त पन्त ने कहा कि अनुशासन विद्यार्थी के जीवन का एक महत्वपूर्ण अंग है तथा वह अनुशासित होकर ही अपने जीवन में सफलता हासिल कर सर्वोच्च शिखर पर पहुंच सकता है। इस अवसर पर सतीश चौहान, राजकुमार यादव, रामगोपाल रतूड़ी, रजनी गर्ग सहित सभी अध्यापकगण उपस्थित रहे।