अधिकारी योजनाओं के संचालन में वित्तीय अनुशासन बनाए रखें : पयाल

19HREG111 अधिकारी योजनाओं के संचालन में वित्तीय अनुशासन बनाए रखें : पयाल

-ब्लॉक सभागार अगस्त्यमुनि में विशेष कार्याधिकारी कार्यक्रम और क्रियान्वयन ने दी सरकार की योजनाओं की जानकारी

रुद्रप्रयाग, 19 अप्रैल (हि.स.)। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत विशेष कार्याधिकारी कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन विभाग उत्तराखंड शासन ने ब्लॉक सभागार अगस्त्यमुनि में सरकार की ओर से संचालित की जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही उनके सफल क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारियों को वित्तीय अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।

विशेष कार्याधिकारी कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन धर्मेंद्र पयाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का ‘हमारा संकल्प, अनुशासित प्रदेश‘ का नारा तभी फलीभूत होगा जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ मिले। सरकार के तीन मुख्य उद्देश्य सरकार जनता के द्वार, हमारा संकल्प बहुमुखी एवं भयमुक्त समाज के तहत संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय आवश्यक है। कहा कि योजनाएं बनाते समय यह ध्यान रखा जाये कि वह दीर्घकालिक एवं जनोपयोगी हों। साथ ही योजनाओं से लाभान्वित होने तथा उसके प्रभाव का भी आकलन किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का सफल क्रियान्वयन को लेकर ग्रामीण स्तर पर पाक्षिक या मासिक दौरा करते हुए समस्याओं का समाधान करें। कोशिश रहे कि जनता की समस्या का समाधान ग्राम स्तर पर ही कर दिया जाय। यदि न हो सके तो अपने उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराते हुए सुझाव भी दें, जिससे भविष्य में योजनाएं बनाते समय उनके सुझाव पर भी चर्चा हो सके।

कृषि, उद्यान आदि के क्षेत्र में भी संचालित हो रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थिति के अनुसार उन क्षेत्रों में उत्पादित होने वाली फसलों एवं फलों की पैदावार को बढ़ावा देने के लिए कार्य योजना तैयार करें। इसके लिए क्षेत्रीय किसानों को जागरूक किया जाए, जिससे कि किसानों की आमदनी दोगुनी हो। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का धरातल पर भौतिक सत्यापन होना आवश्यक है।

इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट, बीडीओ प्रवीण भट्ट एबीडीओ कमल सिंह पंवार, ग्रापविअ नरेश कुमार, मत्स्य पालन से हेमलता डंगवाल, जल संस्थान से नरेन्द्र जगवाण, सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ विशाल वर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।