18HSPO13 बलिया: चन्द्रशेखर मैराथन के 21 किलोमीटर तक चप्पे-चप्पे पर रहेगा पुलिस का पहरा
– पचखोरा से वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम तक दो घंटे रहेगा रूट डायवर्जन
बलिया, 18 अप्रैल(हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर की स्मृति में 19 अप्रैल को होने वाले हाफ मैराथन की तैयारियां मंगलवार शाम तक पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन ने चन्द्रशेखर मैराथन समिति के साथ समन्वय स्थापित कर 21 किलोमीटर के रास्ते में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा लगाने का निर्णय लिया है। ताकि किसी खिलाड़ी को कोई परेशानी न हो।
पंचम हाफ मैराथन की सुरक्षा चाक चौबंद रखने के लिए राष्ट्र नायक चन्द्रशेखर मैराथन समिति ने जिला प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा। मंगलवार को जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने पहले एसपी फिर एडिशनल एसपी तिवारी से मुलाकात की। उन्हें मैराथन का रोडमैप सौंपा। जिसके बाद एडिशनल एसपी ने सीओ सिटी वैभव पाण्डेय, कोतवाल राजीव सिंह व सुखपुरा एसओ पारस नाथ सिंह को पचखोरा पटपर से लेकर वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम तक 21 किलोमीटर के पूरे रास्ते में पिछले हाफ मैराथन से अधिक पुलिस फोर्स लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पंद्रह उप निरीक्षक के साथ ही संबंधित थानों की फोर्स सभी पंद्रह बूथों पर तैनात रहेगी। इसके साथ ही चार मोबाइल पार्टियां रास्ते में तैनात रहेंगी। ताकि छोटे-छोटे रास्तों से कोई अचानक मैराथन के दौड़ के बीच न आ सके। उन्होंने मातहतों को निर्देश दिया कि कुंवर सिंह चौराहे से लेकर पचखोरा तक पहले धावक से लेकर अंतिम धावक के गुजरने तक यानी लगभग दो घंटे के लिए रूट डायवर्जन रहेगा। इसका कड़ाई से पालन करने को कहा। मैराथन में सबसे आगे पुलिस का एस्कार्ट वाहन चलेगा।
रजिस्ट्रेशन को लेकर धावकों में दिखी होड़
वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में चन्द्रशेखर हाफ मैराथन को लेकर चार काउंटर बनाए गए थे। जहां ऑनलाइन और ऑफ लाइन रजिस्ट्रेशन कराने वाले खिलाड़ियों को चेस्ट नम्बर और जर्सी दी जा रही थी। केन्या, इथिओपिया, बांग्लादेश आदि देशों से भी खिलाड़ी काउंटर पर पंजीकरण कराते दिखे। पंजीकरण में अनुराग सिन्हा, आशुतोष तोमर, रामप्रकाश सिंह, धीरेंद्र राय, मनोज शर्मा आदि सुबह से देरशाम तक सहयोग करते रहे।
डीएम-एसपी को दी मैराथन की जर्सी
राष्ट्र नायक चन्द्रशेखर मैराथन समिति के सचिव उपेंद्र सिंह, उमेश सिंह व प्रदीप यादव आदि ने जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, एसपी राजकरण नय्यर, सीडीओ प्रवीण मौर्य व एडिशनल एसपी डीपी तिवारी को हाफ मैराथन की जर्सी भेंट की। समिति के सदस्यों ने अधिकारियों से मैराथन में प्रतिभाग करने का आग्रह किया। जिसे सभी ने स्वीकार किया।
रंगकर्मी आशीष ने भगत सिंह को किया जीवंत
मशहूर रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी ने वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार शाम को देश-विदेश से आए धावकों की उपस्थिति में शहीद-ए-आजम भगत सिंह पर एकल नाटक प्रस्तुत किया। आशीष के अभिनय को देख सभी की आंखें भर आईं। कुछ देर के लिए वक्त ठहर सा गया। सभी एकटक उन्हें देखते ही रह गए। माहौल में देशभक्ति का जज्बा हिलोरे मारने लगा। नाटक के बीच-बीच में तालियां गूंजती रहीं।