18HSPO14 कानपुर : सीएसजेएमयू में सर्वसम्मति से पारित हुई नई खेल नीति
-क्लासरूम टीचिंग के साथ स्पोर्ट्स में भी अव्वल होने की तैयारी
कानपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की नई खेल नीति मंगलवार को सर्वसम्मति से पारित हो गयी। विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ अकादमिक भवन में नवनिर्मित क्रीड़ा समिति की बैठक के उपरांत कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक समेत आला अधिकारियों ने इस नई नीति को मंजूरी प्रदान की। नई नीति के तहत अब स्टूडेंट्स को क्लासरूम टीचिंग के साथ-साथ खेल में भी अव्वल आने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्पोर्ट्स में रूचि रखने वाले सभी स्टूडेंट्स को विश्वविद्यालय की क्रीड़ा समिति बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगी।
हाल ही में विश्वविद्यालय ने मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मुफ्त एजुकेशन, हॉस्टल, डाइट देने की कवायद शुरू की है। इसी के बाद से क्रीड़ा समिति में सुधार कर नई पॉलिसी लाने की बात चल रही थी। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने विगत दिनों नई क्रीड़ा समिति का गठन कर डॉ आशीष कुमार कटियार को विश्वविद्यालय का नया क्रीड़ा सचिव नियुक्त किया था। साथ ही दो संयुक्त सचिव डॉ दीपाली निगम, प्रो. सुशील कुमार शुक्ला को भी समिति में नामित किया गया था। मंगलवार को समिति की बैठक में शारीरिक शिक्षा एवं मनोरजंन स्थायी समिति को भंग कर नई खेल नीति को मंजूरी दी गयी।
नई नीति में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मुफ्त एजुकेशन, हॉस्टल, डाइट, खिलाड़ियों का फीडबैक, गवर्निंग बॉडी, तकनीकी समितियों का गठन, जिम्मेदार अधिकारियों के कामकाज की रूपरेखा आदि को सम्मिलित किया गया है। बैठक में प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, कुलसचिव डॉ अनिल कुमार यादव, वित्त नियंत्रक अशोक कुमार त्रिपाठी, डायरेक्टर सीडीसी, प्रो. आर के द्विवेदी, डीएसडब्लू प्रो. नीरज सिंह, क्रीड़ा सचिव, डॉ आशीष कुमार कटियार, फिजिकल एजुकेशन विभागाध्यक्ष डॉ आशीष कुमार दुबे, उप निदेशक खेल मुद्रिका पाठक के साथ विशेष आमंत्रित सदस्य मौजूद रहे।