प्रशासन ने सख्ती से हटाईं सभी फूड वैन, संचालकों को दी चेतावनी

18HREG218 प्रशासन ने सख्ती से हटाईं सभी फूड वैन, संचालकों को दी चेतावनी

नैनीताल, 18 अप्रैल (हि.स.)। हाई कोर्ट के आदेशों और प्रशासनिक सख्ती के बावजूद जिला मुख्यालय को आने वाले सभी मार्गों पर फूड वैनों का अवैध रूप से संचालन जारी है। इन स्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर अवैध रूप से संचालित फूड वैनों के खिलाफ अभियान चलाया।

जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल के निर्देशों के क्रम में पिछले माह एसडीएम राहुल शाह की अगुवाई में आज परिवहन, पुलिस, लोनिकि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, नगर पालिका, खाद्य सुरक्षा एवं वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से नैनीताल के आस-पास के मार्गों पर संचालित फूड वैनों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में ज्यादातर फूड वैन बिना अनुमति के संचालित होते पाए गए। इस एसडीएम ने फूड बैंक संचालकों को नोटिस जारी कर अनुमति के अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

इसके लिए डीएम की अध्यक्षता में विशेष शिविर भी आयोजित किया गया था, लेकिन अधिकांश फूड वैन संचालकों ने पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद भी निर्धारित मानक पूर्ण नहीं किये। इस कारण आज पुनः डीएम के निर्देशों के क्रम में एसडीएम राहुल शाह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम ने विशेष अभियान चला कर नैनीताल-हल्द्वानी रोड, नैनीताल-भवाली व नैनीताल-कालादूंगी रोड से सभी अवैध रूप से संचालित फूड वैनों को बलपूर्वक हटा दिया गया। साथ ही फूड वैन संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि बिना अनुमति के फूड वैन ना लगाएं यदि अवैध रूप से लगाए पाए जाने पर वाहन को सीज करने की कार्रवाई अमल में आई जाएगी।

अभियान में पुलिस क्षेत्राधिकारी विभा दीक्षित, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आलोक उनियाल, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रश्मि भट्ट, जिला पंचायत के अधिकारी और एनएच के अधिकारी शामिल रहे।