18HREG372 चोरी की गई महिंद्रा पिकअप सहित तीन गिरफ्तार
हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। आरोपियों के कब्जे से पीठ बाजार से चोरी की गयी महिंद्रा पिकअप बरामद हुई है।
पुलिस कप्तान के पीआरओ विपिन पाठक ने बताया कि चार दिन पूर्व पीठ बाजार से ग्राम जसवावाला कलियर निवासी प्रवेश कुमार की महिन्द्रा पिकअप चोरी कर ली गयी थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद चोरों की तलाश के लिए पुलिस और सीआईयू टीम का गठन किया गया। जांच पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सुमन नगर से गढ़मीरपुर की तरफ जाने वाले रास्ते से विनय पुत्र दयाराम सिंह निवासी शुगर मिल मुन्ना देवी कॉलोनी थाना धामपुर जिला बिजनौर यूपी, राजा पुत्र चरण सिंह और सुभाष पुत्र भारत निवासी खानपुर थाना स्योहारा जिला बिजनौर को गिरफ्तार कर चोरी की गयी महिन्द्रा पिकअप बरामद की है।